भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला 23 अक्टूबर को एडिलेड ओवल में खेला जाएगा, और सभी की निगाहें एक बार फिर विराट कोहली पर टिक गई हैं। एडिलेड का मैदान कोहली के लिए हमेशा लकी साबित हुआ है। यहां उनका प्रदर्शन इतना जबरदस्त रहा है कि हर बार कंगारू टीम के लिए चिंता बढ़ जाती है। इस बार भी कोहली के बल्ले से नया वर्ल्ड रिकॉर्ड निकलने की उम्मीद है।
एडिलेड में कोहली अब तक 12 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके हैं, जिनमें उन्होंने 65 की शानदार औसत से 975 रन बनाए हैं। इस मैदान पर उन्होंने कुल 5 अंतरराष्ट्रीय शतक जड़े हैं, जिनमें से 2 वनडे में आए हैं। अगर कोहली इस बार एडिलेड में एक और शतक लगा देते हैं, तो वे वनडे क्रिकेट में इस मैदान पर तीन शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे।
एडिलेड में दो-दो वनडे शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में अभी कोहली का नाम डेविड वॉर्नर, मार्क वॉ और ग्रीम हिक के साथ शामिल है। लेकिन तीसरे शतक के साथ कोहली इस सूची में शीर्ष पर पहुंच जाएंगे।
इस मैदान पर अब तक भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच कुल 15 वनडे मैच हुए हैं, जिनमें भारत ने 9 जीते हैं और केवल 5 हारे हैं। रोचक बात यह है कि पिछले 17 वर्षों में टीम इंडिया एडिलेड में एक भी मुकाबला नहीं हारी है।
कोहली के अलावा यहां एमएस धोनी ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया था। धोनी ने एडिलेड की 6 पारियों में 262 रन बनाए हैं, जो किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा इस मैदान पर सर्वाधिक आंकड़ा है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के माइकल क्लार्क ने एडिलेड में 15 पारियों में 626 रन बनाकर इस वेन्यू पर सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है।
2017 में पाकिस्तान के खिलाफ डेविड वॉर्नर का 179 रन का धमाकेदार प्रदर्शन इस मैदान की सबसे बड़ी वनडे पारी बनी हुई है। फिर भी, आंकड़े बताते हैं कि एडिलेड विराट कोहली का किला रहा है—जहां उनका बल्ला रनों की बरसात करना कभी नहीं भूलता।
अब सबकी नजरें 23 अक्टूबर को होंगी, जब किंग कोहली इस मैदान पर एक और “विराट” उपलब्धि अपने नाम करने उतरेंगे। अगर वह शतक जड़ते हैं, तो क्रिकेट इतिहास में एडिलेड का एक नया अध्याय उनके नाम लिखा जाएगा।


