ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान होते ही एक नाम चर्चा में आ गया — मोहम्मद शमी। 2023 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले शमी टीम से बाहर हैं, और अब उनकी वापसी को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
द टेलीग्राफ की रिपोर्ट के अनुसार, शमी को लेकर बीसीसीआई के भीतर से संकेत मिले हैं कि तेज गेंदबाज़ की टीम में वापसी अब मुश्किल दिख रही है। रिपोर्ट में कहा गया है कि हालिया घरेलू क्रिकेट में शमी का प्रदर्शन औसत रहा है और वह अब 35 वर्ष के हो चुके हैं।
एक बीसीसीआई अधिकारी ने बताया,
“इस समय शमी के लिए टीम में वापसी करना कठिन होता जा रहा है। दलीप ट्रॉफी में भी उनका प्रदर्शन बहुत प्रभावशाली नहीं था। उम्र और फिटनेस दोनों ही अब उनके लिए चुनौती बनती जा रही हैं।”
हाल ही में वेस्टइंडीज सीरीज के लिए भी शमी को टीम में जगह नहीं मिली थी। उस वक्त मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर ने कहा था कि,
“शमी ने पिछले कुछ सालों में बहुत कम घरेलू क्रिकेट खेला है। हमें पता है कि वो कितने बड़े परफॉर्मर हैं, लेकिन उन्हें अब कुछ मैच खेलने की ज़रूरत है।”
हालाँकि, शमी को आगामी रणजी ट्रॉफी के लिए बंगाल टीम में शामिल किया गया है। टीम की अगुवाई अभिमन्यु ईश्वरन करेंगे जबकि अभिषेक पोरेल उपकप्तान होंगे। फैंस की निगाहें अब इस बात पर हैं कि क्या रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन कर शमी एक बार फिर टीम इंडिया में वापसी कर पाएंगे या नहीं।


