जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में शनिवार देर शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जिसने शादी की खुशियों को कुछ ही पलों में मातम में बदल दिया। पहाड़ी सब-डिवीजन बनी के बनी–भंडार मार्ग पर बारात लेकर जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।
कार में सवार दूल्हा विक्की, पुत्र खेमराज, और उसके साथी जीवन, पुत्र बालीभादर, ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल मोहन सिंह (पुत्र खेमराज), राकेश कुमार (पुत्र पूर्ण चंद) और शिशुपाल (पुत्र हंसराज) को तुरंत उप-ज़िला अस्पताल बनी ले जाया गया। इलाज के दौरान राकेश कुमार ने भी घायलावस्था में दम तोड़ दिया। अन्य घायलों की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।
शादी की तैयारियां बनीं मातम का कारण
भंडार गांव में दूल्हे और बारात के स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। पंडाल सज चुका था, रंग-बिरंगी रोशनी से पूरा गांव जगमगा रहा था, और मेहमान दूल्हे के आगमन का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। घर की महिलाओं ने आरती की थाली सजाकर रखी थी, स्वागत द्वार पर फूलों की मालाएं लटकी थीं और माहौल खुशी से भरा था।
लेकिन जैसे ही ग्रामीणों को हादसे की सूचना मिली, शादी का हर्षोल्लास कुछ ही मिनटों में चीखों और विलाप में बदल गया। लड़की पक्ष के परिवार में कोहराम मच गया, परिजनों की चीखें पूरे गांव में गूंज उठीं। जहां खुशियों का संगीत बजना था, वहां मातम की चादर फैल गई और पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया।
स्थानीय लोगों ने शुरू किया रेस्क्यू
हादसे की जानकारी मिलते ही सबसे पहले स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। खाई में गिरे वाहन की हालत ऐसी थी कि नंबर प्लेट तक ढूंढ़ना मुश्किल हो गया था। लोग अपने हाथों और रस्सियों की मदद से घायलों को बाहर निकालते रहे।
थोड़ी देर बाद पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। आशंका है कि पहाड़ी मार्ग पर ड्राइवर का नियंत्रण खो जाने के कारण वाहन सीधे गहरी खाई में जा गिरा।
यह दर्दनाक हादसा पूरे इलाके को शोकाकुल कर गया है, और शादी की खुशियों के बीच आया यह दुःख लंबे समय तक लोगों के दिलों में दर्द छोड़ जाएगा।
Jammu Kashmir/Piyush Dhar Diwedi


