Wednesday, April 22, 2026
Google search engine
Homeदेशरामपुर की नूरजहां पर FIR से सियासत गर्म, AAP सांसद संजय सिंह...

रामपुर की नूरजहां पर FIR से सियासत गर्म, AAP सांसद संजय सिंह बोले– “DM को 5 पैसे की अक्ल नहीं”

उत्तर प्रदेश के रामपुर में एसआईआर फॉर्म में गलत जानकारी देने के आरोप में दर्ज हुई एफआईआर को लेकर राजनीतिक तापमान बढ़ गया है। बुजुर्ग नूरजहां और विदेश में काम कर रहे उनके दो बेटों के खिलाफ दर्ज इस कार्रवाई को आम आदमी पार्टी ने गंभीर मुद्दा बनाते हुए जिला प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। गुरुवार को AAP राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने रामपुर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और मामले को “पूरी तरह अन्यायपूर्ण और सरकारी दमन” बताया।

संजय सिंह ने आरोप लगाया कि प्रशासन एसआईआर फॉर्म के जरिए मतदाताओं को डराने और दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा, “रामपुर डीएम को पांच पैसे की भी अक्ल नहीं है। इतनी मूर्खतापूर्ण कार्रवाई मैंने जीवन में नहीं देखी। एक बूढ़ी महिला पर फर्जी मुकदमा और विदेश में काम कर रहे बेटों पर गलत सूचना देने का आरोप—यह सब लोकतंत्र का मजाक है।” AAP नेता ने बताया कि वे इस मुद्दे को संसद में जोरदार तरीके से उठाएंगे।

मामला दो दिन पहले सामने आया था जब जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर पुलिस ने नूरजहां और उनके बेटों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। प्रशासन का आरोप है कि एसआईआर फॉर्म में मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी गलत तरीके से दी गई थी। हालांकि परिवार का कहना है कि कोई भी जानकारी छिपाई नहीं गई थी और उनका बेटा भारतीय नागरिक होने के नाते वोटर बनने का पूरा हक रखता है।

संजय सिंह ने BJP पर मताधिकार छीनने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए कहा कि एसआईआर का खेल बिहार में जो परिणाम लेकर आया, वही खेल यदि यूपी में हुआ तो जनता जवाब देना जानती है। उन्होंने कहा, “क्या यूपी सरकार और बीजेपी का मकसद है कि विदेश में काम कर रहे भारतीयों के वोट काट दिए जाएं? क्या इस देश के नागरिकों को डराकर और धमकाकर चुनाव लड़ने का यही तरीका है?”

AAP नेता ने चेतावनी दी कि यदि नूरजहां या उनके बेटों की गिरफ्तारी की गई तो पार्टी के नेता भी गिरफ्तारी देंगे। उन्होंने कहा कि वे दिल्ली से लेकर यूपी की सड़कों तक इस लड़ाई को लड़ेंगे और किसी भी नागरिक के मताधिकार पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

वंदे मातरम विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय सिंह ने BJP पर history को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जो लोग अंग्रेजों के समय क्रांतिकारियों के खिलाफ खड़े थे, आज वही राष्ट्रवाद का प्रमाणपत्र बांट रहे हैं।

रामपुर का यह मामला अब प्रदेश और राष्ट्रीय राजनीति में बड़ा मुद्दा बन गया है और आने वाले दिनों में इसके और गरम होने की संभावना है।

Rampur / Piyush Dhar diwedi

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments