राज्यसभा चुनाव से पहले भोजपुरी अभिनेता और गायक पवन सिंह की भाजपा नेतृत्व से मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को और तेज कर दिया है। गुरुवार (26 फरवरी) को दिल्ली में उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस मुलाकात को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं कि क्या पार्टी उन्हें बिहार से राज्यसभा का उम्मीदवार बना सकती है।
मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए पवन सिंह ने इसे एक शिष्टाचार भेंट बताया। उन्होंने कहा कि वह पार्टी नेतृत्व से आशीर्वाद लेने पहुंचे थे और इस मुलाकात को राजनीतिक रूप से ज्यादा नहीं देखा जाना चाहिए। जब उनसे राज्यसभा उम्मीदवारी को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने संक्षिप्त प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मैं पार्टी का कार्यकर्ता हूं, जो मालिक चाहेंगे वही होगा।” उनके इस बयान को राजनीतिक संकेत के तौर पर भी देखा जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर अपनी रणनीति पर गंभीरता से विचार कर रही है और बिहार से संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा जारी है। पवन सिंह हाल के समय में पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से नजर आए हैं, जिससे उनके नाम की चर्चा और बढ़ गई है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पवन सिंह की लोकप्रियता और भोजपुरी क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ को देखते हुए पार्टी उन्हें एक प्रभावी चेहरा बना सकती है। हालांकि, पार्टी की ओर से अब तक इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। फिलहाल यह स्पष्ट है कि उनकी इस मुलाकात ने सियासी हलकों में नई बहस को जन्म दे दिया है और राज्यसभा चुनाव तक इस तरह की अटकलें जारी रह सकती हैं।
Bihar – Piyush Dhar Diwedi


