Tuesday, May 26, 2026
Google search engine
Homeटॉप स्टोरीIPL 2026 क्वालीफायर: आरसीबी के सामने गुजरात के 5 सबसे बड़े मैच...

IPL 2026 क्वालीफायर: आरसीबी के सामने गुजरात के 5 सबसे बड़े मैच विनर

IPL 2026 क्वालीफायर मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस की टीमें आमने-सामने होंगी. इस अहम मैच में गुजरात के कुछ स्टार खिलाड़ी आरसीबी के लिए सबसे बड़ी चुनौती साबित हो सकते हैं.

आईपीएल 2026 का रोमांच अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है. मंगलवार को खेले जाने वाले पहले क्वालीफायर मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस आमने-सामने होंगी. दोनों टीमों के बीच यह हाई-वोल्टेज मुकाबला धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैच में जीत हासिल करने वाली टीम सीधे फाइनल का टिकट कटाएगी, जबकि हारने वाली टीम को फाइनल में पहुंचने के लिए एक और मौका मिलेगा.

आरसीबी ने इस सीजन शानदार क्रिकेट खेली है, लेकिन गुजरात टाइटंस की टीम कई ऐसे खिलाड़ियों से भरी हुई है जो अकेले दम पर मैच का रुख बदल सकते हैं. खास बात यह है कि गुजरात के बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों ही इस समय जबरदस्त फॉर्म में नजर आ रहे हैं. ऐसे में आरसीबी के लिए यह मुकाबला आसान नहीं रहने वाला.

साई सुदर्शन बने गुजरात की सबसे बड़ी ताकत

इस सीजन अगर किसी बल्लेबाज ने सबसे ज्यादा प्रभावित किया है, तो वह साई सुदर्शन हैं. युवा बल्लेबाज ने पूरे टूर्नामेंट में लगातार रन बनाकर अपनी टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई है. सुदर्शन ने 14 मैचों में 638 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट भी 157 के करीब रहा है. उनकी बल्लेबाजी में आक्रामकता और संयम दोनों देखने को मिला है. पावरप्ले में तेजी से रन बनाने की उनकी क्षमता आरसीबी के गेंदबाजों के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकती है.

शुभमन गिल कप्तानी के साथ बल्ले से भी हिट

गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल इस सीजन बेहतरीन लय में दिखाई दिए हैं. उन्होंने अपनी कप्तानी के साथ-साथ बल्लेबाजी से भी टीम को कई अहम मुकाबले जिताए हैं. गिल ने 13 मैचों में 616 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 161 रहा है. साई सुदर्शन के साथ उनकी ओपनिंग साझेदारी गुजरात की सबसे बड़ी ताकत बन चुकी है. अगर गिल शुरुआती ओवरों में टिक गए तो आरसीबी के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं.

बड़े मैचों के खिलाड़ी हैं जोस बटलर

इंग्लैंड के विस्फोटक बल्लेबाज जोस बटलर बड़े मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करने के लिए जाने जाते हैं. आईपीएल 2026 में भी उन्होंने गुजरात के लिए कई अहम पारियां खेली हैं. बटलर ने 14 पारियों में 469 रन बनाए हैं और चार अर्धशतक भी लगाए हैं. मिडिल ओवरों में तेजी से रन बनाने की उनकी क्षमता मैच का रुख पलट सकती है. धर्मशाला की बल्लेबाजी के लिए मददगार पिच पर बटलर बेहद खतरनाक साबित हो सकते हैं.

रबाडा की रफ्तार से बचना आसान नहीं

गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा इस सीजन शानदार फॉर्म में रहे हैं. उन्होंने 14 मैचों में 24 विकेट हासिल किए हैं और वह टूर्नामेंट के सबसे सफल गेंदबाजों में शामिल हैं. धर्मशाला की तेज पिच पर उनकी अतिरिक्त गति और स्विंग आरसीबी के बल्लेबाजों को परेशान कर सकती है. नई गेंद के साथ-साथ डेथ ओवरों में भी रबाडा काफी प्रभावी साबित हुए हैं.

सिराज को पता है आरसीबी बल्लेबाजों की कमजोरी

मोहम्मद सिराज भी गुजरात टाइटंस के लिए अहम हथियार साबित हो सकते हैं. सिराज पहले आरसीबी टीम का हिस्सा रह चुके हैं और वह कई बल्लेबाजों की कमजोरियों को अच्छी तरह जानते हैं. इस सीजन उन्होंने 14 मैचों में 17 विकेट लिए हैं और हाल के मुकाबलों में शानदार लय में दिखाई दिए हैं. उनकी तेज गेंदबाजी और आक्रामक अंदाज आरसीबी पर दबाव बना सकता है.

पहले क्वालीफायर में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है, लेकिन गुजरात टाइटंस के ये पांच खिलाड़ी आरसीबी के लिए सबसे बड़ा खतरा साबित हो सकते हैं.

Correspondent – Shanwaz Khan

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments