बिहार विधानसभा चुनाव 2025 जैसे-जैसे करीब आ रहे हैं, राज्य की सियासत में बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। इसी बीच भोजपुरी सुपरस्टार और छपरा से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के उम्मीदवार खेसारी लाल यादव ने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बयान पर जोरदार पलटवार किया है।
दरअसल, सम्राट चौधरी ने हाल ही में खेसारी लाल यादव को “नाचने वाला” कहकर टिप्पणी की थी। इस पर नाराज खेसारी ने कहा, “सम्राट चौधरी पहले अपने घर में झांककर देखें और बताएं कि उन्होंने अपनी पार्टी में चार ‘नचनिया’ को टिकट क्यों दिया है? राजनीति में कोई छोटा-बड़ा नहीं होता, हर उम्मीदवार जनता की सेवा के लिए मैदान में उतरता है।”
हालांकि, खेसारी लाल यादव ने अपने जवाब में संयम भी दिखाया और कहा कि वे सम्राट चौधरी को “बड़ा भाई” मानते हैं। उन्होंने कहा, “मुझे उनका आशीर्वाद चाहिए। वो जिस माहौल से आते हैं, वैसे ही बोलते हैं। लेकिन मैं संस्कारों में विश्वास रखता हूं और कभी भी किसी के प्रति अपशब्द नहीं कहूंगा।”
खेसारी ने आगे कहा कि उनकी प्राथमिकता केवल बिहार का विकास है। उन्होंने कहा, “आज भी बिहार के कई इलाके विकास से वंचित हैं। मैं मरते दम तक बिहार के लिए काम करूंगा। छपरा को मैं एक नया चेहरा देना चाहता हूं — शिक्षा, रोजगार और सड़क की बुनियादी सुविधाओं से भरपूर।”
जब उनसे पूछा गया कि चुनाव जीतने के बाद उनकी पहली प्राथमिकता क्या होगी, उन्होंने कहा, “हमें बिहार को शुरुआत से फिर से बनाना है। युवाओं के लिए रोजगार, शिक्षा और स्वाभिमान — यही मेरा एजेंडा है।”
भोजपुरी गानों में अश्लीलता के आरोपों पर खेसारी ने कहा, “मेरे गाने सिर्फ मनोरंजन के लिए हैं। लोग मुझे एक कलाकार के रूप में पसंद करते हैं, लेकिन राजनीति में मैं जिम्मेदारी के साथ काम करने आया हूं।”
खेसारी लाल यादव की एंट्री ने बिहार की राजनीति को नया रंग दे दिया है। जहां एक ओर वे भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार हैं, वहीं अब वे राजनीति में गंभीर छवि के साथ मैदान में उतर चुके हैं। उनके तेवरों से साफ है कि वे इस चुनाव में केवल स्टार नहीं, बल्कि एक जनता के नेता के रूप में अपनी पहचान बनाना चाहते हैं।


