Monday, March 2, 2026
Google search engine
Homeटॉप स्टोरीराज्यसभा चुनाव 2026 का कार्यक्रम घोषित: 10 राज्यों की 37 सीटों पर...

राज्यसभा चुनाव 2026 का कार्यक्रम घोषित: 10 राज्यों की 37 सीटों पर 16 मार्च को मतदान

भारत निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा चुनाव 2026 का आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया है। यह चुनाव उन सदस्यों के स्थान पर कराया जा रहा है जिनका कार्यकाल अप्रैल 2026 में समाप्त हो रहा है। इस बार कुल 10 राज्यों की 37 सीटों पर मतदान होगा। आयोग के अनुसार चुनाव प्रक्रिया 26 फरवरी 2026 से शुरू होकर 20 मार्च 2026 तक पूरी कर ली जाएगी। मतदान और मतगणना दोनों ही 16 मार्च 2026 को आयोजित किए जाएंगे।

चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के मुताबिक 26 फरवरी को अधिसूचना जारी होगी, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 मार्च तय की गई है। नामांकन पत्रों की जांच 6 मार्च को की जाएगी और उम्मीदवार 9 मार्च तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी। पूरी चुनावी प्रक्रिया 20 मार्च तक संपन्न कर ली जाएगी।

इन राज्यसभा सीटों के लिए जिन राज्यों में चुनाव होंगे उनमें महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा, असम, छत्तीसगढ़, हरियाणा, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश शामिल हैं। चुनाव की घोषणा के साथ ही सभी राज्यों में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और विभिन्न दलों ने संभावित उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

महाराष्ट्र से इस बार कई प्रमुख सदस्य सेवानिवृत्त हो रहे हैं, जिनमें शरदचंद्र गोविंदराव पवार, प्रियंका चतुर्वेदी, रामदास अठावले, डॉ. भगवत कराड, फौजिया खान, धैर्यशील पाटिल और रजनी पाटिल शामिल हैं। वहीं तमिलनाडु से तिरुची सिवा, एम. थम्बिदुरई, जी. के. वासन और कनिमोझी एन.वी.एन. सोमू जैसे सदस्य रिटायर होंगे।

पश्चिम बंगाल से साकेत गोखले, ऋतब्रत बनर्जी, बिकाश रंजन भट्टाचार्य, मौसम नूर और सुब्रत बक्शी का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। बिहार से प्रेम चंद गुप्ता, उपेन्द्र कुशवाहा, हरिवंश नारायण सिंह, रामनाथ ठाकुर और अमरेंद्र धारी सिंह सेवानिवृत्त होने वाले सदस्यों में शामिल हैं।

इसके अलावा ओडिशा से ममता मोहंता, सुजीत कुमार, निरंजन बिशी और मुजीबुल्ला खान, असम से भुवनेश्वर कलिता, रामेश्वर तेली और अजीत कुमार भुइयां का कार्यकाल पूरा हो रहा है। छत्तीसगढ़ से फूलो देवी नेताम और तेजपाल सिंह तुलसी, हरियाणा से किरण चौधरी और राम चंदर जांगड़ा तथा हिमाचल प्रदेश से इंदु बाला गोस्वामी की सीटें भी खाली होंगी। तेलंगाना से डॉ. अभिषेक मनु सिंघवी और के. आर. सुरेश रेड्डी का कार्यकाल भी समाप्त हो रहा है।

राज्यसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल सक्रिय हो गए हैं और राज्यों में रणनीतिक बैठकों का दौर शुरू हो चुका है। माना जा रहा है कि इन चुनावों के नतीजे आगामी राजनीतिक समीकरणों को भी प्रभावित कर सकते हैं, इसलिए दल इस चुनाव को काफी अहम मानकर तैयारी कर रहे हैं।

Correspondent – Shanwaz Khan

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments