आलिया भट्ट की अपकमिंग स्पाई एक्शन फिल्म अल्फा को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर अब विराम लग गया है। लंबे समय से सोशल मीडिया और एंटरटेनमेंट गलियारों में यह चर्चा थी कि फिल्म को सिनेमाघरों की बजाय सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया जा सकता है। लेकिन अब साफ हो गया है कि ‘अल्फा’ थिएटर में ही दर्शकों से रूबरू होगी।
आलिया भट्ट और शरवरी स्टारर यह फीमेल-लीड स्पाई एक्शन फिल्म अपनी घोषणा के बाद से ही चर्चा में बनी हुई है। शुरुआत में इसे अगस्त 2024 में रिलीज किए जाने की योजना थी, लेकिन बाद में इसकी रिलीज डेट बदली गई। फिर मेकर्स ने दिसंबर 2025 में फिल्म को सिनेमाघरों में लाने का प्लान बनाया, जिसे एक बार फिर आगे बढ़ा दिया गया। इसी देरी के चलते यह कयास लगाए जाने लगे कि कहीं फिल्म को ओटीटी पर तो नहीं उतार दिया जाएगा।
हालांकि, इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट ने इन अफवाहों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, ‘अल्फा’ इस साल अप्रैल में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि यह प्रोजेक्ट पूरी तरह “सिनेमा-फर्स्ट एक्सपीरियंस” को ध्यान में रखकर बनाया गया है। यही वजह है कि मेकर्स इसे बड़े पर्दे पर ही रिलीज करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि फिल्म की शूटिंग अपने अंतिम चरण में है और आखिरी शेड्यूल जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। स्पाई एक्शन जॉनर होने की वजह से इसमें बड़े स्तर के एक्शन सीक्वेंस और हाई-एंड वीएफएक्स का इस्तेमाल किया गया है, जिसे थिएटर में देखना दर्शकों के लिए खास अनुभव होगा।
फिल्म की रिलीज में हो रही देरी को लेकर पहले ही प्रोडक्शन हाउस की ओर से सफाई दी जा चुकी है। मेकर्स ने बताया था कि ‘अल्फा’ के वीएफएक्स पर बारीकी से काम किया जा रहा है, ताकि दर्शकों को बेहतरीन विजुअल एक्सपीरियंस मिल सके। बयान में कहा गया था कि फिल्म को तकनीकी रूप से और मजबूत बनाने के लिए टीम को अतिरिक्त समय चाहिए।
गौरतलब है कि ‘अल्फा’, आदित्य चोपड़ा के स्पाई यूनिवर्स की पहली फीमेल-सेंट्रिक स्पाई फिल्म है। इस फिल्म का निर्देशन शिव रावेल कर रहे हैं। फिल्म में आलिया भट्ट और शरवरी के साथ बॉबी देओल भी अहम भूमिका में नजर आएंगे।
फीमेल स्पाई एजेंट्स की कहानी और दमदार एक्शन के कारण ‘अल्फा’ को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ चुकी हैं। अब जब यह साफ हो गया है कि फिल्म ओटीटी नहीं बल्कि थिएटर में ही रिलीज होगी, तो फैंस का उत्साह और भी ज्यादा बढ़ गया है।
Correspondent – Shanwaz Khan


