उत्तर प्रदेश के मथुरा में प्रसिद्ध कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के सुरक्षाकर्मियों पर गंभीर आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि गौरी गोपाल आश्रम के पास दुकान चलाने वाले एक दुकानदार को सुरक्षा गार्डों ने बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और मामले की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें पीड़ित की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
पीड़ित दुकानदार की पहचान विवेक कुमार के रूप में हुई है, जो गौरी गोपाल आश्रम के पास अपनी दुकान चलाते हैं। आरोप है कि सुरक्षाकर्मियों ने विवेक कुमार को जबरन घसीटते हुए आश्रम के अंदर ले जाकर उसकी जमकर पिटाई की। पिटाई के बाद विवेक कुमार बुरी तरह घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। काफी देर इंतजार के बाद पीड़ित को अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।
पीड़ित की बेटी ने लगाए गंभीर आरोप
पीड़ित की बेटी ने घटना को लेकर चौंकाने वाला बयान दिया है। उसका कहना है कि दिनदहाड़े करीब 11:30 से 12:00 बजे के बीच गौरी गोपाल आश्रम के सुरक्षा गार्ड उसके पिता को दुकान से घसीटते हुए ले गए और उनके साथ मारपीट करने लगे। जब उसके पिता ने इसका विरोध किया, तो उन्हें और बेरहमी से पीटा गया और जबरन आश्रम के अंदर ले जाया गया। परिवार का दावा है कि यह वही आश्रम है, जो कथावाचक अनिरुद्धाचार्य से जुड़ा हुआ है।
अस्पताल प्रशासन पर भी उठे सवाल
पीड़ित परिवार ने अस्पताल प्रशासन पर भी लापरवाही के आरोप लगाए हैं। विवेक कुमार की पत्नी का कहना है कि अस्पताल में उनके पति का ठीक से इलाज नहीं किया जा रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती होने के बावजूद न तो सही इलाज किया गया और न ही समय पर दवाइयां दी गईं। परिवार का दावा है कि यह सब किसी दबाव में किया जा रहा है।
न्याय न मिलने का आरोप
पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपियों पर हल्की धाराएं लगाई गई हैं और उन्हें न्याय नहीं मिल पा रहा है। परिवार ने मांग की है कि दोषी सुरक्षाकर्मियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। पत्नी का आरोप है कि प्रभावशाली लोगों के दबाव के कारण मामले को कमजोर किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के सुरक्षाकर्मियों पर लगे इन गंभीर आरोपों के मामले में पुलिस आगे क्या कार्रवाई करती है
Mathura / Piyush Dhar Diwedi


