दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली के दिन हुए विवाद के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। एक युवक की मौत के बाद शुक्रवार को इलाके में भारी विरोध प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शन के दौरान कुछ उपद्रवियों ने एक कार और एक मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया, वहीं सड़कों पर बैठकर प्रदर्शन करने से कई घंटों तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस को भारी संख्या में बल तैनात करना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार को होली के जश्न के दौरान दो अलग-अलग समुदायों के परिवारों के बीच विवाद हो गया था। इस झड़प में 26 वर्षीय युवक तरुण गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर सामने आने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
शुक्रवार को इसी घटना के विरोध में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद से जुड़े कार्यकर्ताओं ने उत्तम नगर पूर्व मेट्रो स्टेशन के पास प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर नारेबाजी की और हत्या के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान मुख्य सड़क पर लंबा जाम लग गया और कई घंटों तक वाहनों की आवाजाही ठप रही।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों को सड़क खाली करने के लिए कई बार समझाने की कोशिश की गई, लेकिन जब वे नहीं माने तो पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इसके बाद धीरे-धीरे प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया गया और यातायात को सामान्य करने की कोशिश की गई। जाम के कारण कई एंबुलेंस भी रास्ते में फंसी रहीं, जिससे हालात और गंभीर हो गए।
इस बीच दोपहर के समय उत्तम नगर की जेजे कॉलोनी में खड़ी एक कार और एक मोटरसाइकिल में आग लगा दी गई। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया। हालांकि इस घटना से इलाके में डर और तनाव का माहौल और बढ़ गया। पुलिस फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आगजनी की घटना में कौन लोग शामिल थे।
पुलिस के मुताबिक, विवाद की शुरुआत होली के दौरान रंग खेलने से हुई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जेजे कॉलोनी इलाके में एक घर की छत से होली खेल रही एक 11 वर्षीय बच्ची ने पानी से भरा गुब्बारा फेंका था। यह गुब्बारा सड़क पर गिरकर फट गया, जिससे पास से गुजर रही एक महिला पर रंग पड़ गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
परिजनों का आरोप है कि इसके बाद महिला अपने परिवार और कुछ अन्य लोगों के साथ दोबारा वहां पहुंची और होली खेल रहे परिवार के लोगों के साथ झगड़ा करने लगी। देखते ही देखते यह विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। बाद में जब तरुण घर लौट रहा था, तब कुछ लोगों ने उस पर हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। पुलिस अधिकारी लगातार इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कुशल पाल सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि विवाद की शुरुआत पानी के गुब्बारे से रंग पड़ने के कारण हुई थी। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल और अर्धसैनिक बल के जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जब तक हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाते, तब तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी जाएगी। प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील भी कर रहा है।
Correspondent – Shanwaz Khan


