प्रांत न्यूज़- लखनऊ। बिहार के बाद अब उत्तर प्रदेश में भी मतदाता सूची में बड़े बदलाव की तैयारी है। अगले वर्ष प्रस्तावित ग्राम पंचायतों के त्रिस्तरीय चुनावों को देखते हुए लखनऊ जिले में मतदाता सूची के पुनरीक्षण का काम तेजी से जारी है।
पहले चरण में सामने आए आंकड़े
29 सितंबर तक चले पहले चरण के सत्यापन अभियान में बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) ने घर-घर जाकर जांच की। इस दौरान सामने आया कि करीब 57 हजार मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाएंगे, जबकि 97 हजार नए मतदाता जोड़े जाएंगे।
जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार जिन नामों को हटाने की प्रक्रिया चल रही है, उनमें डुप्लीकेट मतदाता और मृतक मतदाता शामिल हैं।
विधानसभा क्षेत्रवार स्थिति
- मोहनलालगंज विधानसभा – सबसे ज्यादा नए मतदाता जुड़े (30,000+)
- मलिहाबाद विधानसभा – दूसरे स्थान पर
- बख्शी का तालाब विधानसभा – तीसरे नंबर पर
वहीं, नाम हटने के मामले में भी मोहनलालगंज सबसे आगे है। यहां पर करीब 19 हजार मतदाताओं को डुप्लीकेट या मृतक श्रेणी में चिन्हित किया गया है।
चल रहा है पुनरीक्षण अभियान
- मतदाता सूची का अपडेट 19 अगस्त से शुरू हुआ और यह प्रक्रिया जनवरी 2025 तक जारी रहेगी।
- जिले की 491 ग्राम पंचायतों में 667 बीएलओ मतदाता सूची का सत्यापन कर रहे हैं।
- अब तक बीएलओ ने 94,738 नए मतदाताओं को सूची में जोड़ा है।
आयोग ने कसा शिकंजा
मतदाता सूची को लेकर लगातार राजनीतिक विवाद और आरोप-प्रत्यारोप को देखते हुए प्रशासन ने बीएलओ को सख्त निर्देश दिए हैं कि सत्यापन में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। चुनाव आयोग द्वारा बनाए गए ऐप के जरिए अब बिना मौके पर पहुंचे सत्यापन संभव नहीं है, जिससे फर्जीवाड़े की संभावना कम हो सके।


