अंडर-19 एशिया कप 2025 की धमाकेदार शुरुआत टीम इंडिया ने यूएई के खिलाफ पहले ही मैच में कर दी। दुबई में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने निर्धारित 50 ओवरों में 433 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर विपक्षी टीम पर प्रभावशाली दबदबा दिखाया। भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी सबसे बड़े हीरो रहे, जिन्होंने मात्र एक मैच में रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन करते हुए 171 रन की शानदार पारी खेली। उनकी बल्लेबाजी इतनी आक्रामक थी कि यूएई के गेंदबाजों के लिए बचाव करना मुश्किल हो गया।
पहली ही ओवर में आयुष म्हात्रे 4 रन पर आउट होकर पवेलियन लौट गए, जिससे भारत की शुरुआत कमजोर दिखी। लेकिन इसके बाद वैभव सूर्यवंशी और आरोन जॉर्ज ने पारी को पूरी तरह संभाल लिया। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर 212 रन की जबरदस्त साझेदारी की। आरोन जॉर्ज ने 69 रन की उपयोगी पारी खेलकर टीम को मजबूती दी, लेकिन सूर्यवंशी पूरी तरह अलग लय में बल्लेबाजी कर रहे थे।
भारत के 433 रन के स्कोर में कुल 20 छक्के और 31 चौकों की बरसात हुई। इनमें से अकेले 14 छक्के वैभव सूर्यवंशी ने लगाए। उनकी 171 रनों की आतिशी पारी ने अंडर-19 स्तर पर खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में धमाल मचा दिया। सूर्यवंशी के अलावा विहान मल्होत्रा ने भी 69 रन बनाए। वेदान्त त्रिवेदी ने 38 रनों का योगदान दिया, जबकि अंतिम ओवरों में अभिज्ञान कुंडू और कनिष्क चौहान ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। कुंडू ने सिर्फ 17 गेंदों में 32 रन बनाए और नाबाद रहे, वहीं चौहान ने 12 गेंदों में तेज़ 28 रन जोड़कर स्कोर को 400 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
इस शानदार प्रदर्शन के साथ भारत ने अंडर-19 वनडे इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर बना लिया। इससे पहले भारत का सर्वोच्च स्कोर 425 रन था, जिसे उसने 2004 में स्कॉटलैंड के खिलाफ हासिल किया था। अब टीम इंडिया ने इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए 433 रन का नया कीर्तिमान स्थापित किया। अंडर-19 वनडे स्तर पर सबसे बड़ा स्कोर 480 रन ऑस्ट्रेलिया के नाम है, जो 2002 में केन्या के खिलाफ बना था, जबकि दूसरा सबसे बड़ा स्कोर न्यूजीलैंड का 436 रन है।
भारत की इस शानदार बल्लेबाजी ने टूर्नामेंट में टीम के लिए मजबूत संकेत दे दिए हैं कि वह खिताब की प्रबल दावेदार है।
| Correspondent – Shanwaz khan |


