Tuesday, March 31, 2026
Google search engine
Homeराज्यउत्तम नगर हत्याकांड: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन महिलाओं को हिरासत में...

उत्तम नगर हत्याकांड: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू

दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली के दिन हुई हिंसक घटना के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार सायरा, शरीफ और सलमा नाम की तीनों महिलाओं को पूछताछ के लिए पकड़ा गया है। घटना के बाद ये तीनों महिलाएं दिल्ली के ख्याला इलाके में छिपकर रह रही थीं। पुलिस टीम ने उन्हें वहीं से हिरासत में लेकर मामले से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में पहले ही कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और अब इन महिलाओं से पूछताछ के बाद घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा होने की संभावना है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि घटना के दौरान इन महिलाओं की क्या भूमिका थी और क्या उन्होंने आरोपियों की किसी तरह से मदद की थी।

होली के दिन हुई थी हिंसक झड़प

दरअसल, उत्तम नगर में होली के दिन दो पड़ोसी परिवारों के बीच मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया था। बताया जा रहा है कि पानी से भरा गुब्बारा एक महिला पर गिरने के बाद दोनों परिवारों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गंभीर झगड़े में बदल गई। इस झड़प के दौरान 26 वर्षीय युवक तरुण की मौत हो गई, जिससे इलाके में भारी आक्रोश फैल गया।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और 6 मार्च को आक्रोशित भीड़ ने कई वाहनों में तोड़फोड़ की तथा कुछ वाहनों को आग के हवाले भी कर दिया। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने पड़े।

अब तक 10 आरोपी हिरासत में

पुलिस के मुताबिक इस मामले में पहले सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था और एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया था। अब तीन महिलाओं को हिरासत में लेने के बाद कुल आरोपियों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश भी लगातार जारी है।

आरोपी के घर पर चला बुलडोजर

घटना के बाद प्रशासन ने आरोपी पक्ष के खिलाफ सख्त कदम भी उठाए हैं। दिल्ली नगर निगम की टीम ने दिल्ली पुलिस की मौजूदगी में जेजे कॉलोनी इलाके में आरोपी उमरदीन के पिता निजामुद्दीन के घर के अवैध हिस्सों को ध्वस्त कर दिया। हालांकि नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई नालियों पर बने अवैध निर्माण को हटाने के अभियान का हिस्सा थी।

इलाके में सुरक्षा कड़ी

घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। क्षेत्र में दिल्ली पुलिस के साथ रैपिड एक्शन फोर्स और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों को तैनात किया गया है। कई जगह बैरिकेडिंग भी की गई है ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो सके।

वहीं मृतक तरुण के परिवार ने मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। सुरक्षा व्यवस्था और तनाव के कारण इलाके के कई बाजार और दुकानें भी बंद हैं, जिससे स्थानीय व्यापारियों और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Delhi – Piyush Dhar Diwedi

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments