भारतीय क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है क्योंकि युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान चोटिल हो गए हैं। ग्रोइन में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी सर्जरी करानी पड़ी। इस वजह से तिलक कम से कम दो हफ्तों तक क्रिकेट से दूर रहेंगे। बीसीसीआई ने पुष्टि कर दी है कि वह न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले तीन टी20 मुकाबलों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। हालांकि, बोर्ड ने अभी तक उनके रिप्लेसमेंट के नाम का ऐलान नहीं किया है।
इसी बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर और मौजूदा एक्सपर्ट आकाश चोपड़ा ने तिलक वर्मा के रिप्लेसमेंट को लेकर अपनी स्पष्ट राय रखी है। उन्होंने कहा कि शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल जैसे बड़े नामों को इस भूमिका के लिए नहीं चुना जाना चाहिए। आकाश चोपड़ा का मानना है कि टीम को ओपनर नहीं, बल्कि मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज की जरूरत है।
अपने वीडियो संदेश में आकाश चोपड़ा ने कहा,
“तिलक वर्मा नंबर तीन या चार पर बल्लेबाजी करते हैं। ऐसे में रिप्लेसमेंट भी ऐसा ही खिलाड़ी होना चाहिए, जो मिडिल ऑर्डर संभाल सके। शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल दोनों शानदार ओपनर हैं, लेकिन टीम को इस समय ओपनर की नहीं, मिडिल ऑर्डर के मजबूत बल्लेबाज की जरूरत है।”
उन्होंने तिलक वर्मा के परफेक्ट रिप्लेसमेंट के तौर पर सबसे पहले श्रेयस अय्यर का नाम लिया। आकाश चोपड़ा के अनुसार, श्रेयस अय्यर इस समय अच्छी फॉर्म में हैं और विजय हजारे ट्रॉफी में भी उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इसके अलावा आईपीएल में उनका अनुभव और दबाव में खेलने की क्षमता टीम के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकती है।
आकाश चोपड़ा ने कहा,
“श्रेयस अय्यर अनुभवी खिलाड़ी हैं, मिडिल ऑर्डर में टीम को स्थिरता दे सकते हैं और बड़े मैचों में जिम्मेदारी निभाने का अनुभव रखते हैं। मेरी पहली पसंद वही हैं।”
अगर किसी कारण से श्रेयस अय्यर को मौका नहीं दिया जाता, तो आकाश चोपड़ा ने दूसरे विकल्प के तौर पर रियान पराग का नाम सुझाया। उनका मानना है कि रियान पराग बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में भी योगदान दे सकते हैं। तीसरे विकल्प के रूप में उन्होंने जितेश शर्मा को चुना, जो फिनिशर की भूमिका निभाने में सक्षम हैं।
अब देखना दिलचस्प होगा कि बीसीसीआई आकाश चोपड़ा की सलाह पर कितना ध्यान देती है और तिलक वर्मा की जगह किस खिलाड़ी को टीम में शामिल किया जाता है। भारतीय टीम के लिए यह फैसला आने वाले टी20 मुकाबलों में काफी अहम साबित हो सकता है।
Correspondent – Shanwaz khan


