गुरुवार का दिन बॉक्स ऑफिस पर ज्यादातर फिल्मों के लिए सुस्त साबित हुआ। जहां नई रिलीज फिल्मों की कमाई में गिरावट देखने को मिली, वहीं कुछ पुरानी फिल्में अब भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफल रहीं। खासतौर पर शाहिद कपूर की फिल्म ‘ओ रोमियो’ की कमाई की रफ्तार धीमी पड़ी, जबकि शनाया कपूर और आदर्श गौरव की फिल्म ‘तू या मैं’ टिकट खिड़की पर संघर्ष करती नजर आई। दूसरी ओर सनी देओल स्टारर ‘बॉर्डर 2’ ने चौथे हफ्ते में भी अपनी पकड़ बनाए रखी।
सबसे पहले बात करें ‘ओ रोमियो’ की, तो विशाल भारद्वाज के निर्देशन में बनी इस एक्शन-रोमांस थ्रिलर ने सिनेमाघरों में एक सप्ताह पूरा कर लिया है। फिल्म में शाहिद कपूर के साथ तृप्ति डिमरी, नाना पाटेकर, विक्रांत मैसी और दिशा पाटनी जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म की शुरुआत अच्छी रही थी, लेकिन सप्ताह के बीच आते-आते इसकी कमाई में गिरावट दर्ज की गई। सातवें दिन यानी गुरुवार को फिल्म ने लगभग 3.15 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म का कुल घरेलू नेट कलेक्शन करीब 47.15 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच गया है और यह 50 करोड़ क्लब के करीब मानी जा रही है।
वहीं ‘तू या मैं’ की बात करें तो यह सर्वाइवल ड्रामा दर्शकों को प्रभावित करने में असफल साबित हुई है। शाहिद कपूर की फिल्म के साथ क्लैश होने का असर भी इसके बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर साफ नजर आया। रिलीज के एक हफ्ते बाद भी फिल्म 5 करोड़ का आंकड़ा पार नहीं कर पाई है। गुरुवार को इस फिल्म ने महज करीब 0.34 करोड़ रुपये की कमाई की, जिसके बाद इसका कुल कलेक्शन लगभग 4.39 करोड़ रुपये ही पहुंच पाया है। कमजोर ओपनिंग और कम दर्शक संख्या के कारण फिल्म की रफ्तार लगभग थमती हुई दिखाई दे रही है।
दूसरी ओर, सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी की वॉर ड्रामा ‘बॉर्डर 2’ ने चार हफ्ते पूरे करने के बावजूद सिनेमाघरों में अपनी मौजूदगी बनाए रखी है। हालांकि चौथे हफ्ते में फिल्म की कमाई में स्वाभाविक गिरावट आई है, लेकिन नई फिल्मों की रिलीज के बीच भी यह टिके रहने में कामयाब रही। चौथे गुरुवार यानी 28वें दिन फिल्म ने लगभग 55 लाख रुपये का कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म का कुल भारत नेट कलेक्शन करीब 324.35 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो इसे साल की बड़ी सफल फिल्मों में शामिल करता है।
रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’ भी लगातार स्थिर प्रदर्शन कर रही है। तीन हफ्ते पूरे करने के बाद फिल्म की कमाई में कमी जरूर आई है, लेकिन दर्शकों का समर्थन अभी भी बना हुआ है। तीसरे गुरुवार यानी 21वें दिन फिल्म ने करीब 45 लाख रुपये की कमाई की। इसके बाद फिल्म का कुल कलेक्शन लगभग 46.3 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।
कुल मिलाकर गुरुवार का दिन बॉक्स ऑफिस पर धीमा रहा, जहां नई फिल्मों की चमक फीकी पड़ती दिखी, वहीं मजबूत कंटेंट वाली फिल्मों ने लंबी दौड़ में अपनी पकड़ बनाए रखी। आने वाले वीकेंड पर सभी फिल्मों की असली परीक्षा होगी, जब दर्शकों की संख्या में उछाल या गिरावट से उनके भविष्य का अंदाजा लगाया जा सकेगा।
Correspondent – Shanwaz Khan


