नई दिल्ली: अगर आप अक्सर ऑनलाइन खाना ऑर्डर करते हैं, तो अब आपकी जेब पर थोड़ा अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है। फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म स्विगी ने अपनी प्लेटफॉर्म फीस में बढ़ोतरी कर दी है। अब यूजर्स को प्रति ऑर्डर 17.58 रुपये चुकाने होंगे, जबकि पहले यह फीस 14.99 रुपये थी। यानी इस बार करीब 17 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है।
इससे पहले जोमैटो भी अपनी प्लेटफॉर्म फीस में इजाफा कर चुका है। ऐसे में दोनों प्रमुख फूड डिलीवरी कंपनियों के इस फैसले के बाद ऑनलाइन खाना मंगवाना पहले के मुकाबले महंगा हो गया है। खासतौर पर उन लोगों पर इसका ज्यादा असर पड़ेगा जो नियमित रूप से बाहर का खाना ऑर्डर करते हैं।
स्विगी ने अपने ऐप के जरिए यूजर्स को जानकारी दी है कि प्लेटफॉर्म फीस बढ़ाने का फैसला बढ़ती ऑपरेशनल लागत को देखते हुए लिया गया है। हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों, खासकर मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण कच्चे तेल और एलपीजी की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। इसका सीधा असर डिलीवरी सिस्टम पर पड़ा है।
ईंधन की बढ़ती कीमतों के चलते डिलीवरी पार्टनर्स की लागत बढ़ गई है, वहीं रेस्टोरेंट्स पर भी खर्च का दबाव बढ़ा है। इन सभी कारणों को देखते हुए कंपनियों ने प्लेटफॉर्म फीस बढ़ाने का कदम उठाया है, ताकि संचालन को संतुलित रखा जा सके।
इस बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा असर उन लोगों पर पड़ेगा जो रोजाना या बार-बार खाना ऑर्डर करते हैं। खासकर छात्र, बैचलर्स और नौकरीपेशा लोग जो घर से दूर रहते हैं और अक्सर ऑनलाइन फूड डिलीवरी का सहारा लेते हैं, उनके मासिक खर्च में वृद्धि देखने को मिल सकती है। छोटी-छोटी बढ़ोतरी मिलकर महीने के बजट पर बड़ा असर डाल सकती है।
ध्यान देने वाली बात यह भी है कि फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स ने पिछले कुछ वर्षों में धीरे-धीरे प्लेटफॉर्म फीस बढ़ाई है। जहां शुरुआत में यह फीस बहुत कम थी, वहीं अब यह लगातार बढ़कर 15 से 20 रुपये के बीच पहुंच गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर ईंधन और संचालन लागत में बढ़ोतरी जारी रही, तो आने वाले समय में फीस में और इजाफा हो सकता है। हालांकि कंपनियां यूजर्स को ऑफर्स और डिस्काउंट के जरिए कुछ राहत देने की कोशिश भी करती रहती हैं।
कुल मिलाकर, स्विगी और जोमैटो की बढ़ी हुई फीस ने यह साफ कर दिया है कि ऑनलाइन फूड डिलीवरी अब धीरे-धीरे महंगी सेवा बनती जा रही है, जिसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं के खर्च पर पड़ेगा।
Correspondent – Shanwaz Khan


