तिरुवनंतपुरम: केरल विधानसभा चुनाव 2026 की तारीखों के ऐलान के साथ ही राज्य में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी बीच एक प्री-पोल सर्वे ने चुनावी समीकरणों को लेकर नई तस्वीर पेश की है। सर्वे के अनुसार, कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) को बढ़त मिलती दिख रही है, जबकि सत्ताधारी लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) के खिलाफ नाराजगी के संकेत भी सामने आए हैं।
यह सर्वे ‘पोल मंत्रा’ द्वारा कराया गया है, जिसमें करीब 26 हजार लोगों की राय ली गई। आंकड़ों के मुताबिक, UDF को 38.2 प्रतिशत वोट शेयर मिलने का अनुमान है। वहीं, LDF को 33.7 प्रतिशत और बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA को 20.4 प्रतिशत समर्थन मिलता नजर आ रहा है। लगभग 8 प्रतिशत मतदाता ऐसे हैं जिन्होंने अभी तक अपना फैसला नहीं किया है।
नेतृत्व के स्तर पर भी दिलचस्प तस्वीर सामने आई है। UDF के भीतर वीडी सतीशन को 29.5 प्रतिशत, केसी वेणुगोपाल को 28.2 प्रतिशत और शशि थरूर को 23.4 प्रतिशत समर्थन मिलता दिख रहा है। वहीं, LDF में मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को 38.2 प्रतिशत और शैलजा को 32.5 प्रतिशत समर्थन मिला है। हालांकि मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे पसंदीदा चेहरा केसी वेणुगोपाल उभरकर सामने आए हैं, जिन्हें 46.8 प्रतिशत लोगों ने अपनी पसंद बताया। इसके मुकाबले पिनराई विजयन को 27.9 प्रतिशत समर्थन मिला।
सर्वे में मौजूदा सरकार के कामकाज को लेकर भी मिश्रित प्रतिक्रिया देखने को मिली है। करीब 31 प्रतिशत लोगों ने सरकार के प्रदर्शन को “बहुत खराब” और 20.9 प्रतिशत ने “खराब” बताया। वहीं, 23.8 प्रतिशत ने इसे “बहुत अच्छा” और 10.7 प्रतिशत ने “अच्छा” माना है।
विकास के मुद्दे पर भी UDF आगे दिख रहा है। सर्वे के अनुसार, विकास के नाम पर 38.9 प्रतिशत लोग UDF का समर्थन कर रहे हैं, जबकि LDF को 27.8 प्रतिशत और NDA को 23.1 प्रतिशत समर्थन मिल रहा है।
NDA के भीतर नेतृत्व की बात करें तो राजीव चंद्रशेखर को 52.1 प्रतिशत समर्थन मिला है, जबकि के सुरेंद्रन को 22.4 प्रतिशत लोगों ने पसंद किया है।
यह सर्वे राज्य के विभिन्न जिलों में अलग-अलग आयु वर्ग, लिंग और समुदाय के आधार पर किया गया है। कुल मिलाकर, यह प्री-पोल सर्वे केरल में संभावित सत्ता परिवर्तन के संकेत दे रहा है, हालांकि अंतिम फैसला चुनाव परिणाम आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
Correspondent – Shanwaz Khan


