प्रान्त न्यूज़-लखनऊ डेस्क : सहारा इंडिया परिवार का साम्राज्य लगातार सिमटता जा रहा है। राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित सहारा सिटी की 130 एकड़ जमीन पर अब नगर निगम ने कब्ज़ा कर लिया है। निगम की टीम ने बुधवार को फोर्स के साथ पहुंचकर सीलिंग की कार्रवाई शुरू की, हालांकि सहारा समूह के प्रतिनिधियों के अनुरोध पर मोहलत देकर लौट आई।
नगर निगम का बोर्ड लगाया गया
नगर निगम ने सहारा सिटी की जमीन पर अपना बोर्ड लगा दिया है, जिसमें स्पष्ट लिखा है कि यह प्रॉपर्टी अब नगर निगम की है। यही वह आलीशान परिसर है जहां सहारा इंडिया परिवार के संस्थापक सुब्रत राय सहारा रहते थे। उनके निधन के बाद उनकी पत्नी सपना राय इसी आवास में रह रही हैं। अधिकारियों ने कहा है कि यदि सपना राय ने स्वेच्छा से मकान खाली नहीं किया तो परिसर को सील कर दिया जाएगा।
1994 से शुरू हुआ था विवाद
विपुल खंड, गोमतीनगर की करीब 170 एकड़ भूमि 1994 में सहारा इंडिया हाउसिंग लिमिटेड को नगर निगम ने लाइसेंस और लीज डीड पर दी थी। शर्त यह थी कि यहां आवासीय कॉलोनी विकसित की जाएगी और लगभग 40 एकड़ क्षेत्र ग्रीन एरिया के रूप में सुरक्षित रखा जाएगा। लेकिन कंपनी ने अनुबंध की शर्तों का पालन नहीं किया।
इसी आधार पर नगर निगम ने 1997 में लाइसेंस डीड निरस्त कर दी और नोटिस जारी कर दिया। मामला वर्षों तक अदालत और कानूनी विवादों में उलझा रहा। इस बीच सहारा प्रमुख ने इसी भूमि पर विशाल आवास का निर्माण करा लिया, जो वर्तमान में सपना राय का निवास है।
अब तक किसी आवंटी को प्लॉट नहीं मिला
सहारा सिटी में अब तक किसी भी आवंटी को मकान या प्लॉट नहीं मिल पाया है। जबकि सहारा परिवार का करीब एक लाख वर्ग फीट में फैला आलीशान मकान यहां मौजूद है, जिसमें सपना राय और उनके कर्मचारी रहते हैं।
नगर निगम का कहना है कि यह भूमि अब उसकी संपत्ति है और नियमों के अनुसार कब्ज़ा लिया जा चुका है। आने वाले दिनों में यदि मकान खाली नहीं किया गया, तो सीलिंग की कार्रवाई तेज़ की जाएगी।


