दिल्ली में सोमवार शाम उस समय दहशत फैल गई जब लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक चलती कार में धमाका हो गया। इस धमाके की आवाज़ दूर-दूर तक सुनी गई और देखते ही देखते पूरा इलाका सुरक्षा बलों से भर गया। दिल्ली पुलिस, एनएसजी, फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते ने तत्काल पहुंचकर इलाके को घेर लिया। शुरुआती जांच में घटना को गंभीर मानते हुए इसे आतंकी गतिविधि की आशंका से जोड़ा जा रहा है।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने एहतियाती कदम उठाते हुए लाल किला परिसर को अगले तीन दिनों के लिए बंद कर दिया है। अधिकारियों ने साफ किया है कि सुरक्षा जांच में किसी तरह की रुकावट न हो, इसलिए पर्यटकों और आम नागरिकों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा। वहीं लाल किला मेट्रो स्टेशन और उसके आसपास के इलाकों को भी कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया है।
धमाके के बाद दिल्ली पुलिस ने पूरे शहर में हाई अलर्ट घोषित किया है। आईजीआई एयरपोर्ट, संसद भवन, इंडिया गेट और वाणिज्यिक इलाकों में सुरक्षा जांच बढ़ा दी गई है। हर वाहन की गहन निगरानी की जा रही है और पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत 112 नंबर पर दें।
ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार सुबह से नेताजी सुभाष मार्ग समेत आसपास की सड़कों पर यातायात रोक दिया है। चट्टा रेल कट से सुभाष मार्ग कट तक किसी भी वाहन को गुजरने की अनुमति नहीं है। सुबह छह बजे से लागू यह प्रतिबंध अगले आदेश तक जारी रहेगा। पुलिस ने यात्रियों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है ताकि अनावश्यक जाम और परेशानी से बचा जा सके।
डीसीपी नॉर्थ राजा बंथिया ने बताया कि इस मामले में यूएपीए, विस्फोटक अधिनियम और नई भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच एफएसएल, एनएसजी और कई सुरक्षा एजेंसियों की विशेष टीमों के सहयोग से की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच अभी शुरुआती चरण में है, इसलिए किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। सभी टीमों को घटनास्थल से हर जरूरी साक्ष्य एकत्र करने का निर्देश दिया गया है।
इस धमाके में अब तक छह लोगों की पहचान की जा चुकी है, जबकि एक-दो शवों की शिनाख्त अभी बाकी है। सभी मृतकों का पोस्टमार्टम एलएनजेपी अस्पताल में कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने तक किसी भी संभावना को खारिज नहीं किया जा सकता।
दिल्ली के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षाकर्मी लगातार गश्त कर रहे हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सरकार ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था सामान्य करने और दोषियों को पकड़ने के लिए हर स्तर पर काम तेज़ी से किया जा रहा है।
Correspondent – Shanwaz Khan


