राजस्थान में कफ सिरप पीने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने और मौतों का मामला लगातार चर्चा में है। जयपुर के जेके लोन अस्पताल में एक और बच्चे की मौत होने से अब तक कुल तीन बच्चों की मौत और करीब 35 बच्चों के बीमार होने की खबर है।
इसी बीच राज्य के चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि “राजस्थान में किसी भी बच्चे की मौत कफ सिरप से नहीं हुई है।” मंत्री ने स्पष्ट किया कि जिन बच्चों की मौत हुई, वे पहले से गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे।
मंत्री खींवसर के अनुसार, एक बच्चे को मस्तिष्क ज्वर (एन्सेफलाइटिस) था और दूसरे को रेस्पिरेट्री इंफेक्शन, जिसके कारण उनकी जान गई। उन्होंने बताया कि सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कफ सिरप की लैब जांच करवाई। रिपोर्ट में दवा सुरक्षित और मानकों के अनुरूप पाई गई है।


