ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा अपनी प्रोफेशनल लाइफ के साथ-साथ अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी अक्सर चर्चा में रहती हैं। प्रियंका और उनके पति सिंगर निक जोनस की एक बेटी है, जिसका नाम मालती मैरी है। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में प्रियंका ने अपनी बेटी के जन्म से जुड़े उस भावुक दौर के बारे में बात की, जब मालती को जन्म के बाद NICU में रहना पड़ा था।
प्रियंका ने बताया कि उनकी बेटी उनके लिए किसी चमत्कार से कम नहीं है। उन्होंने मालती को “मिरेकल बेबी” बताते हुए कहा कि जब उनकी बेटी का जन्म हुआ, तो मानो उनकी पूरी दुनिया उसी पल थम गई थी। एक्ट्रेस ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपनी प्रेग्नेंसी के दौरान काफी कठिन समय का सामना किया था।
उन्होंने कहा, “हमारी बेटी बेहद प्यारी है। मेरी प्रेग्नेंसी के दौरान कई मुश्किलें आईं। मालती हमारे लिए एक चमत्कार की तरह है, इसलिए जब वह दुनिया में आई तो ऐसा लगा जैसे बाकी सब कुछ रुक गया हो।”
प्रियंका ने यह भी बताया कि बेटी से दूर रहना उनके लिए सबसे मुश्किल होता है। वह कहती हैं कि शायद यह हर नई मां की भावना होती है, खासकर उन माताओं की जिनके बच्चे जन्म के बाद कुछ समय NICU में रहे हों। अभिनेत्री ने कहा कि आज भी उन्हें अक्सर चिंता बनी रहती है।
प्रियंका के मुताबिक, जब मालती उनके पास नहीं होती और स्कूल में होती है या जब वह काम के सिलसिले में किसी दूसरे देश में होती हैं, तो उन्हें ऐसा महसूस होता है जैसे उनका दिल उनके शरीर से बाहर चला गया हो। उन्होंने कहा कि मालती उनकी जिंदगी का सबसे अनमोल तोहफा है और बेटी के आने के बाद उनकी प्राथमिकताएं पूरी तरह बदल गई हैं।
एक्ट्रेस ने यह भी बताया कि अब उनकी जिंदगी का हर फैसला बेटी को ध्यान में रखकर लिया जाता है। उन्होंने कहा कि अब उनके दिन की शुरुआत और अंत दोनों ही मालती के बारे में सोचते हुए होते हैं।
बता दें कि इससे पहले प्रियंका ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने सरोगेसी का विकल्प क्यों चुना। अभिनेत्री ने कहा था कि उन्हें एक मेडिकल कंडीशन थी, जिसकी वजह से यह फैसला लेना जरूरी हो गया था। उन्होंने कहा कि वह खुद को खुशकिस्मत मानती हैं कि उन्हें यह विकल्प चुनने का मौका मिला।
प्रियंका ने अपनी सरोगेट मां की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि वह बहुत ही दयालु, प्यारी और खुशमिजाज महिला थीं, जिन्होंने छह महीने तक उनके इस अनमोल उपहार का बेहद अच्छे से ख्याल रखा। अभिनेत्री के अनुसार, मालती के आने के बाद उनकी जिंदगी में खुशियों का नया अध्याय शुरू हुआ।
Correspondent – Shanwaz Khan


