वैलेंटाइन वीक के मौके पर रिलीज हुई फिल्म ‘ओ’ रोमियो’ दर्शकों के लिए एक अलग तरह की प्रेम कहानी लेकर आई है, जिसमें रोमांस के साथ गैंगस्टर दुनिया का गहरा रंग भी देखने को मिलता है। शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी स्टारर यह फिल्म 13 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और रिलीज के साथ ही फिल्म ने अपने स्टाइल, म्यूजिक और परफॉर्मेंस की वजह से चर्चा बटोरनी शुरू कर दी है। फिल्म की शुरुआत से ही इसका टोन सेट हो जाता है और दर्शकों को एक डार्क, स्टाइलिश और इमोशनल दुनिया में ले जाया जाता है।
फिल्म की कहानी 1995 की मुंबई के अंडरवर्ल्ड बैकड्रॉप पर आधारित है। कहानी एक गैंगस्टर उस्तरा के इर्द-गिर्द घूमती है, जो इंटेलिजेंस ब्यूरो के लिए काम करता है और गैंगस्टर्स को खत्म करने के मिशन पर लगा रहता है। इसी बीच उसकी जिंदगी में अफ्सा कुरैशी की एंट्री होती है, जो उसे एक खतरनाक सुपारी देती है। इसके बाद कहानी में ट्विस्ट, इमोशन और एक अनोखी लव स्टोरी का तड़का देखने को मिलता है। फिल्म की खास बात यह है कि इसमें कोई किरदार पूरी तरह से अच्छा या बुरा नहीं है, बल्कि सभी ग्रे शेड्स में नजर आते हैं, जो कहानी को और दिलचस्प बनाते हैं।
डायरेक्शन और प्रेजेंटेशन फिल्म की बड़ी ताकत है। विशाल भारद्वाज की फिल्मों की तरह यहां भी विजुअल स्टाइल, डार्क टोन और म्यूजिक का बेहतरीन इस्तेमाल किया गया है। कैमरा वर्क, बैकग्राउंड स्कोर और प्रोडक्शन डिजाइन फिल्म को एक लार्जर-देन-लाइफ फील देते हैं। 90 के दशक के गानों का बैकग्राउंड में इस्तेमाल कहानी के माहौल को और प्रभावशाली बनाता है। क्लाइमेक्स सीन खास तौर पर दमदार है, जहां एक्शन और इमोशन का शानदार मेल देखने को मिलता है।
एक्टिंग की बात करें तो शाहिद कपूर फिल्म की जान हैं। उन्होंने अपने किरदार में रोमांस, एक्शन और इमोशन के कई शेड्स दिखाए हैं। वह एक साथ रोमियो, गैंगस्टर और इंटेंस लवर के रूप में प्रभाव छोड़ते हैं। तृप्ति डिमरी ने भी दमदार परफॉर्मेंस दी है और उनका किरदार फिल्म की यूएसपी साबित होता है। उन्हें काफी मजबूत और प्रभावशाली तरीके से पेश किया गया है।
सपोर्टिंग कास्ट में नाना पाटेकर, फरीदा जलाल और अरुणा ईरानी भले ही छोटे रोल में नजर आते हैं, लेकिन अपनी मौजूदगी दर्ज कराते हैं। अविनाश तिवारी का अभिनय सरप्राइज पैकेज की तरह सामने आता है, जबकि दिशा पाटनी और राहुल देशपांडे भी अपने किरदारों में प्रभाव छोड़ते हैं।
कुल मिलाकर ‘ओ’ रोमियो’ एक इंटेंस लव स्टोरी है, जिसमें गैंगस्टर ड्रामा, शानदार म्यूजिक और स्टाइलिश निर्देशन का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिलता है। अगर आप एक अलग अंदाज की रोमांटिक और डार्क फिल्म देखना चाहते हैं, तो यह फिल्म वैलेंटाइन के मौके पर एक अच्छा विकल्प साबित हो सकती है।
Correspondent Shanwaz Khan


