Monday, March 2, 2026
Google search engine
Homeटॉप स्टोरीनीतीश कुमार का बड़ा ऐलान: बिहार में 3 नए विभाग बनेंगे, युवाओं...

नीतीश कुमार का बड़ा ऐलान: बिहार में 3 नए विभाग बनेंगे, युवाओं को रोजगार और शिक्षा के नए अवसर

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के युवाओं को रोजगार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से एक बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने राज्य में तीन नए विभाग— युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, और नागर विमानन विभाग— बनाने के निर्देश जारी किए हैं। यह कदम बिहार में रोजगार सृजन, कौशल प्रशिक्षण और औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार (05 दिसंबर 2025) को एक्स पर पोस्ट कर बताया कि राज्य सरकार आगामी 5 वर्षों (2025–2030) में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है। इसके लिए युवाओं को बेहतर कौशल प्रशिक्षण, तकनीकी शिक्षा और उच्च अध्ययन की आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराना आवश्यक है।

युवाओं के लिए बड़ा कदम

नीतीश कुमार ने कहा कि नए युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के गठन से राज्य में रोजगार की योजनाओं की निगरानी, कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों का विस्तार और सरकारी नौकरियों के अवसरों में बढ़ोतरी होगी। सरकार चाहती है कि अधिक से अधिक युवा व्यावसायिक और तकनीकी रूप से सक्षम होकर रोजगार के लिए तैयार हों।

उच्च शिक्षा में गुणवत्ता और नवाचार

मुख्यमंत्री के अनुसार नए उच्च शिक्षा विभाग का उद्देश्य कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करना, शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देना और तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा को रोजगारोन्मुख बनाना है। इससे सभी वर्गों के युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे और बिहार उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान बना सकेगा।

नागर विमानन विभाग से बढ़ेगा औद्योगिक विकास

नीतीश कुमार ने बताया कि बिहार में कई नए हवाई अड्डों का निर्माण जारी है और उड़ान योजना के तहत कई और एयरपोर्ट प्रस्तावित हैं। नए नागर विमानन विभाग के गठन से इन परियोजनाओं को गति मिलेगी, जिससे उद्योग, व्यापार और पर्यटन के क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा। इससे बड़ी संख्या में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे और राज्य के उत्पादों को निर्यात में मदद मिलेगी।

नए निदेशालय और निगम से मिलेगा रोजगार

सरकार ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम निदेशालय और बिहार विपणन प्रोत्साहन निगम बनाने का भी निर्णय लिया है। इससे MSME सेक्टर, हस्तशिल्प, खाद्य प्रसंस्करण, ग्रामीण और कुटीर उद्योगों को मजबूत किया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक जिले में मेगा स्किल सेंटर स्थापित किए जाएंगे, जो युवाओं को आधुनिक कौशल प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।

सरकार की प्रतिबद्धता

नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार सरकार युवाओं के सुखद भविष्य के लिए निरंतर काम कर रही है। अधिक से अधिक सरकारी नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Correspondent – Shanwaz khan

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments