Monday, March 2, 2026
Google search engine
Homeटॉप स्टोरीमुंबई: कांग्रेस पर सपा का बड़ा हमला — “सिर्फ लेना चाहती है,...

मुंबई: कांग्रेस पर सपा का बड़ा हमला — “सिर्फ लेना चाहती है, देना नहीं”, BMC चुनाव 2025 में अकेले उतरेगी पार्टी

मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव 2025 को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी बीच समाजवादी पार्टी (सपा) ने कांग्रेस पर कड़ा प्रहार करते हुए ऐलान किया है कि वह महाराष्ट्र के आगामी निकाय चुनावों में किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करेगी और अकेले मैदान में उतरेगी। बुधवार (19 नवंबर) को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सपा महाराष्ट्र के अध्यक्ष अबू आसिम आजमी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पार्टी मुंबई में कुल 150 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

आजमी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस जैसी बड़ी पार्टी हमेशा “लेने” की राजनीति करती है, लेकिन “देने” के मामले में पीछे हट जाती है। उनके मुताबिक, कांग्रेस न तो पार्टनरशिप निभाती है और न ही गठबंधन धर्म का पालन करती है। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस में मजबूत नेतृत्व और संगठन सुधार होता, तो चुनावी नतीजे भी बेहतर आते।

आजमी ने कहा कि सपा ने हमेशा किसानों, मजदूरों, पिछड़ों और वंचितों की आवाज उठाई है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी एक “आंदोलन” है, जो कमजोर वर्गों का प्रतिनिधित्व करती है और धर्म के आधार पर राजनीति नहीं करती। आजमी ने आरोप लगाया कि मुंबई के कई स्लम इलाकों में आज भी लोगों को पीने का साफ पानी नहीं मिल रहा, पर इस ओर बड़े दल ध्यान नहीं देते।

निकाय चुनाव के आरक्षण मुद्दे पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि सीटों का रिज़र्वेशन कम से कम एक साल पहले घोषित होना चाहिए, ताकि उम्मीदवार तैयारी कर सकें। उन्होंने बताया कि सपा की ओर से 20 नवंबर से नामांकन फॉर्म का वितरण शुरू होगा और पार्टी वहां चुनाव लड़ेगी, जहां से उसकी मजबूत उपस्थिति है।

कांग्रेस के अलावा अबू आजमी ने उद्धव ठाकरे, एकनाथ शिंदे और अजीत पवार खेमे पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि सरकार में शामिल नेताओं के क्षेत्रों को भरपूर फंड मिलता है, जबकि शिवाजी नगर और गोवंडी जैसे क्षेत्रों को सबसे कम विकास फंड मिलता है।

राज ठाकरे की एमएनएस पर भी आजमी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एमएनएस ने उत्तर भारतीयों का कई बार अपमान किया है और जो भी उनके साथ जाएगा, उसे राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ेगा।

आजमी का यह बयान स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि आगामी BMC चुनावों में सपा अकेले एक मजबूत चुनौती देने की तैयारी में है। पार्टी का फोकस पिछड़े और वंचित वर्गों पर रहेगा और सपा अपने दम पर ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतने की रणनीति बना रही है।

Correspondent – Shanwaz Khan

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments