दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के पास सोमवार शाम हुए कार ब्लास्ट की जांच में बड़ा मोड़ आया है। जांच एजेंसियों ने पता लगाया है कि धमाके में इस्तेमाल हुई हुंडई i20 कार बदरपुर बॉर्डर से दोपहर 3 बजकर 18 मिनट पर दिल्ली में दाखिल हुई थी। सुरक्षा कैमरों की फुटेज से मिले इन साक्ष्यों ने पुलिस की जांच को नई दिशा दी है।
यह धमाका सोमवार, 10 नवंबर की शाम करीब 7 बजे हुआ था, जब लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास खड़ी i20 कार में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके में आठ लोगों की मौत हुई और दर्जनों लोग घायल हुए। दिल्ली पुलिस और एनएसजी की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया।
उत्तरी दिल्ली के डीसीपी राजा बंठिया ने बताया कि इस घटना को लेकर कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। एफएसएल टीम, पुलिस बल और अन्य जांच एजेंसियां सबूत इकट्ठा करने में जुटी हैं। उन्होंने कहा कि जांच के शुरुआती परिणाम बेहद महत्वपूर्ण हैं और सभी सुरागों को सावधानी से परखा जा रहा है।
जांच में खुलासा हुआ है कि विस्फोटक कार की चाबी पर फरीदाबाद की एक कंपनी का नाम दर्ज है। यह कंपनी सेक्टर 37 में स्थित है और पुरानी कारों की डीलिंग का काम करती है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस i20 कार को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा निवासी तारिक नामक व्यक्ति को बेचा गया था। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि कार किस रास्ते से और कब दिल्ली तक लाई गई। फरीदाबाद से लेकर लाल किला धमाके तक की घटनाओं को अब एक ही कड़ी में जोड़कर देखा जा रहा है।
इस जांच में अब तक दो नाम प्रमुख रूप से सामने आए हैं — तारिक और उमर मोहम्मद। तारिक वह व्यक्ति बताया जा रहा है जिसके नाम पर कार रजिस्टर्ड थी, जबकि उमर उसका सहयोगी था जिसकी तलाश अब तेज़ कर दी गई है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि दोनों का संबंध किसी आतंकी नेटवर्क से हो सकता है। संभावना जताई जा रही है कि कार में आरडीएक्स या किसी उच्च क्षमता वाले विस्फोटक का इस्तेमाल हुआ था।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए), दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और खुफिया ब्यूरो (आईबी) मिलकर मामले की तह में जाने की कोशिश कर रही हैं। लाल किले के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को गहराई से स्कैन किया जा रहा है ताकि कार की अंतिम लोकेशन और उसमें सवार लोगों की पहचान की जा सके।
इस बीच प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से लाल किला और आसपास के इलाके को अगले तीन दिनों के लिए बंद कर रखा है। पुलिस ने पूरे दिल्ली क्षेत्र, खासकर सीमा इलाकों पर निगरानी और सर्च ऑपरेशन बढ़ा दिए हैं। दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना नजदीकी थाने या इमरजेंसी नंबर पर दें।
Correspondent – Shanwaz Khan


