कानपुर में चर्चित लैंबोर्गिनी सड़क हादसे के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवम मिश्रा को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है। यह गिरफ्तारी करीब 90 घंटे की तलाश के बाद की गई। पुलिस के अनुसार शिवम मिश्रा को छह बंगलिया रोड क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। ग्वालटोली थाने की टीम ने उसे घर से गिरफ्तार किया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अदालत में पेश किया।
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि यह कार्रवाई उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर की गई है। उन्होंने कहा कि मामले में निष्पक्ष और पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है तथा कानून से ऊपर कोई नहीं है। आरोपी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
घटना 8-9 फरवरी 2026 की बताई जा रही है, जब वीआईपी रोड स्थित ग्वालटोली इलाके में एक तेज रफ्तार लैंबोर्गिनी कार ने कई वाहनों और राहगीरों को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में कम से कम छह लोग घायल हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार काफी तेज गति में थी और नियंत्रण खो बैठी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी।
बताया जा रहा है कि यह लग्जरी कार तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा के नाम पर है। प्रारंभिक कार्रवाई में पुलिस ने वाहन को थाने लाकर ढक दिया था और अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, जिससे कई तरह के सवाल उठे थे। हालांकि, बाद में सोशल मीडिया पर घटना के वीडियो वायरल होने और सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद जांच की दिशा स्पष्ट हुई।
सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दावा किया कि हादसे के समय कार शिवम मिश्रा ही चला रहा था। इसके बाद उसके खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई और तलाश शुरू की गई। पुलिस का कहना है कि आरोपी हादसे के बाद कानपुर में ही मौजूद था।
वहीं, आरोपी के वकील ने अदालत में जमानत अर्जी दाखिल की है। बचाव पक्ष का कहना है कि हादसे के समय शिवम वाहन नहीं चला रहा था और उसे गलत तरीके से फंसाया गया है। वकील का दावा है कि कार कोई अन्य व्यक्ति चला रहा था और शिवम उस समय अस्पताल में भर्ती था। उन्होंने अदालत में अपने पक्ष को मजबूती से रखने की बात कही है।
यह मामला शहर में कानून व्यवस्था, वीआईपी प्रभाव और जवाबदेही को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की नजरें अदालत की अगली सुनवाई और न्यायिक प्रक्रिया पर टिकी हैं।
Correspondent – Shanwaz Khan


