बिहार के बेगूसराय जिले में अपराधियों ने एक बार फिर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया है। छौड़ाही थाना क्षेत्र के पीर नगर गांव में मंगलवार (9 दिसंबर) की देर रात जदयू के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष निलेश कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना न सिर्फ ग्रामीणों को दहशत में डालने वाली है, बल्कि इलाके में बढ़ते अपराध और पुलिस की कार्यशैली पर भी कई सवाल खड़े करती है।
जानकारी के अनुसार, निलेश कुमार रात में अपने डेरा पर सो रहे थे। तभी देर रात करीब आधा दर्जन से अधिक सशस्त्र बदमाश उनके कमरे में घुस आए। बिना किसी बातचीत या धमकी के, अपराधियों ने सोए हुए निलेश कुमार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। बताया जा रहा है कि उन्हें तीन गोलियां लगने से मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। गोलीबारी की आवाज सुनकर जब आसपास के लोग वहां पहुंचे, तब तक सभी बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो चुके थे।
परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि निलेश कुमार की किसी से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी। वे लंबे समय से जदयू के सक्रिय कार्यकर्ता थे और पूर्व में प्रखंड अध्यक्ष भी रह चुके थे। राजनीति से जुड़े होने के बावजूद उनकी छवि एक सरल और मिलनसार नेता की थी। परिवार का कहना है कि वह पेशे से किसान थे और खेती-बाड़ी से ही परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। ऐसे में उनकी हत्या ने सभी को गहरी हैरानी और सदमे में डाल दिया है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही और क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर नियंत्रण न होने का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि इलाके में आए दिन आपराधिक घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, लेकिन पुलिस की ओर से किसी भी प्रकार की ठोस कार्रवाई देखने को नहीं मिल रही। इस हत्या के बाद ग्रामीणों के बीच आक्रोश साफ दिखाई दे रहा है।
सूचना मिलते ही छौड़ाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं गांव में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि सिर्फ घटना के बाद की कार्रवाई नहीं, बल्कि अपराध पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाने की जरूरत है।
फिलहाल, पीर नगर गांव में भय, तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन बदमाशों के पकड़ में आने तक लोगों में असुरक्षा की भावना बनी हुई है।
Correspondent – Shanwaz khan


