Monday, March 2, 2026
Google search engine
HomeदेशIPL 2026 मिनी ऑक्शन: इतिहास के 6 सबसे महंगे खिलाड़ी, जिन पर...

IPL 2026 मिनी ऑक्शन: इतिहास के 6 सबसे महंगे खिलाड़ी, जिन पर टीमों ने लुटाया करोड़ों का खजाना

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के लिए मिनी ऑक्शन आज यानी 16 दिसंबर 2025 को अबू धाबी के एतिहाद एरीना में आयोजित होने जा रहा है। इस मिनी ऑक्शन में सभी 10 टीमें कुल 77 स्लॉट भरने के लिए बोली लगाएंगी। हर साल IPL ऑक्शन टीमों के लिए बेहद अहम होता है, क्योंकि यहीं से टीमों की कमजोर कड़ियां मजबूत होती हैं। खास बात यह है कि भले ही मिनी ऑक्शन में टीमों के पास सीमित पर्स होता है, लेकिन इसके बावजूद कई बार यहां लगी बोलियां मेगा ऑक्शन के रिकॉर्ड भी तोड़ देती हैं।

IPL के इतिहास में कई ऐसे खिलाड़ी रहे हैं, जिनके लिए फ्रेंचाइजियों ने मिनी ऑक्शन में रिकॉर्डतोड़ रकम खर्च की। इन खिलाड़ियों पर लगी बोलियां सिर्फ कीमत की वजह से नहीं, बल्कि उनकी काबिलियत, अनुभव और मैच जिताने की क्षमता के कारण भी चर्चा में रहीं। आइए जानते हैं IPL इतिहास के उन 6 खिलाड़ियों के बारे में, जो मिनी ऑक्शन में सबसे महंगे बिके।


1. मिचेल स्टार्क – 24.75 करोड़ रुपये (IPL 2024)

ऑस्ट्रेलिया के घातक तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क IPL मिनी ऑक्शन इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। उन्होंने IPL में पहली बार 2015 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेला था। इसके बाद करीब 9 साल तक वह लीग से दूर रहे।
IPL 2024 के मिनी ऑक्शन में स्टार्क की वापसी ने जबरदस्त हलचल मचा दी। कोलकाता नाइट राइडर्स, दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के बीच उन्हें खरीदने की होड़ लगी। अंत में केकेआर ने 24.75 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड बोली लगाकर उन्हें अपनी टीम में शामिल किया। यह रकम उस समय केकेआर के कुल पर्स का लगभग 75 फीसदी थी, जो अपने आप में ऐतिहासिक थी।


2. पैट कमिंस – 20.50 करोड़ रुपये (IPL 2024)

मिचेल स्टार्क से कुछ ही मिनट पहले ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने IPL इतिहास का सबसे महंगा खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड बनाया था। सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें IPL 2024 के मिनी ऑक्शन में 20.50 करोड़ रुपये में खरीदा।
यह IPL इतिहास का पहला मौका था, जब किसी खिलाड़ी को 20 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम मिली। भले ही कमिंस का व्यक्तिगत प्रदर्शन औसत रहा और उन्होंने 18 विकेट लिए, लेकिन कप्तान के तौर पर उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद को 8 साल बाद फाइनल तक पहुंचाया, जिससे उनकी कीमत सही साबित हुई।


3. सैम करन – 18.50 करोड़ रुपये (IPL 2023)

इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर सैम करन को पंजाब किंग्स ने IPL 2023 के मिनी ऑक्शन में 18.50 करोड़ रुपये में खरीदा था। टी20 वर्ल्ड कप 2022 में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ बनने के बाद करन की डिमांड काफी बढ़ गई थी।
हालांकि IPL 2023 में उनका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। गेंदबाजी में उन्होंने काफी रन लुटाए, लेकिन बल्लेबाजी में 135 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 276 रन बनाए। बावजूद इसके पंजाब किंग्स ने उन पर भरोसा जताया और अगले सीजन में उन्हें टीम की कप्तानी भी सौंपी।


4. कैमरन ग्रीन – 17.50 करोड़ रुपये (IPL 2023)

ऑस्ट्रेलिया के युवा ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को मुंबई इंडियंस ने IPL 2023 के मिनी ऑक्शन में 17.50 करोड़ रुपये में खरीदा। हार्दिक पंड्या के जाने के बाद मुंबई को एक मजबूत ऑलराउंडर की तलाश थी, और ग्रीन इस भूमिका में फिट बैठे।
ग्रीन ने उस सीजन शानदार प्रदर्शन किया और 160 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 452 रन बनाए। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उन्होंने 201 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार शतक लगाया, जिससे मुंबई इंडियंस को प्लेऑफ में जगह मिली।


5. बेन स्टोक्स – 16.25 करोड़ रुपये (IPL 2023)

इंग्लैंड के मौजूदा टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स को चेन्नई सुपर किंग्स ने IPL 2023 के मिनी ऑक्शन में 16.25 करोड़ रुपये में खरीदा था। यह सौदा कागजों पर काफी बड़ा लग रहा था, लेकिन मैदान पर इसका फायदा सीएसके को नहीं मिल सका।
घुटने की चोट के चलते स्टोक्स पूरे सीजन में सिर्फ दो मैच ही खेल पाए। उन्होंने 15 रन बनाए और सिर्फ एक ओवर गेंदबाजी की। इसके बाद वह IPL में दोबारा नजर नहीं आए।


6. क्रिस मौरिस – 16.25 करोड़ रुपये (IPL 2021)

दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर क्रिस मौरिस को राजस्थान रॉयल्स ने IPL 2021 के मिनी ऑक्शन में 16.25 करोड़ रुपये में खरीदा था। उस समय यह IPL इतिहास की सबसे बड़ी बोली थी।
मौरिस ने उस सीजन 11 मैचों में 15 विकेट जरूर लिए, लेकिन उनकी इकॉनमी काफी ज्यादा रही। बल्लेबाजी में भी वह ज्यादा योगदान नहीं दे सके। इसके बाद उन्हें दोबारा IPL में खेलने का मौका नहीं मिला।


मिनी ऑक्शन क्यों होता है इतना खास?

IPL मिनी ऑक्शन की सबसे बड़ी खासियत यही है कि सीमित पर्स के बावजूद टीमें मैच विनर खिलाड़ियों पर खुलकर पैसा खर्च करती हैं। कई बार ये फैसले टीम को चैंपियन बनाते हैं, तो कई बार उम्मीदों पर पानी फेर देते हैं। IPL 2026 का मिनी ऑक्शन भी कुछ ऐसे ही बड़े और चौंकाने वाले सौदों का गवाह बन सकता है, जिस पर पूरे क्रिकेट जगत की नजरें टिकी होंगी।

Correspondent – Shanwaz khan

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments