Tuesday, March 31, 2026
Google search engine
Homeराज्यमहराजगंज में दिल दहला देने वाली घटना, पत्नी की प्रताड़ना से परेशान...

महराजगंज में दिल दहला देने वाली घटना, पत्नी की प्रताड़ना से परेशान पति ने दो बच्चों संग की आत्महत्या

उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। नौतनवा थाना क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने कथित रूप से पत्नी की प्रताड़ना से तंग आकर अपने दो नाबालिग बच्चों के साथ आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट और वीडियो मिले हैं, जिनके आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अमरीश ठाकुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि 8 मार्च को अमरीश ने अपने दोनों बच्चों के साथ यह खौफनाक कदम उठाया। आत्महत्या से पहले उन्होंने दो वीडियो भी रिकॉर्ड किए और कमरे की दीवार पर सुसाइड नोट लिखकर अपनी पत्नी, उसके कथित प्रेमी और कुछ अन्य लोगों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि अमरीश ठाकुर की पत्नी बंदना कुमारी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 66वीं वाहिनी में सफाई कर्मी के पद पर कार्यरत है। आरोप है कि बंदना का सोनू गौतम नाम के एक युवक के साथ प्रेम संबंध था। अमरीश को जब इस संबंध के बारे में जानकारी मिली तो उन्होंने इसका विरोध किया, लेकिन इसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ने लगा।

परिजनों का आरोप है कि बंदना कुमारी अक्सर अपने पति के सामने ही कथित प्रेमी से बातचीत करती थी और विरोध करने पर अमरीश को धमकाती थी। आरोप यह भी है कि लगातार मानसिक तनाव और प्रताड़ना के कारण अमरीश बेहद परेशान रहने लगे थे। अंततः इसी तनाव के चलते उन्होंने अपने जीवन को समाप्त करने का फैसला कर लिया।

पुलिस के अनुसार आत्महत्या से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो में अमरीश ठाकुर ने साफ तौर पर कहा है कि उनकी मौत के लिए उनकी पत्नी बंदना कुमारी, उसका कथित प्रेमी सोनू गौतम और उसके परिवार के लोग जिम्मेदार हैं। इसके अलावा कमरे की दीवार पर लिखे सुसाइड नोट में भी उन्होंने पत्नी द्वारा मानसिक प्रताड़ना दिए जाने का जिक्र किया है।

इस मामले में मृतक के भाई ने नौतनवा थाने में तहरीर देकर बंदना कुमारी, सोनू गौतम और अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत और मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच शुरू की।

नौतनवा क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम ने बताया कि जांच के दौरान मिले वीडियो और सुसाइड नोट से यह स्पष्ट हुआ कि मृतक लंबे समय से मानसिक दबाव में था। प्राथमिक जांच में पत्नी द्वारा प्रताड़ना की बात सामने आने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 61(2) और 108 के तहत मामला दर्ज किया।

मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बंदना कुमारी नौतनवा क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे थाना गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई और बाद में उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और लोग मासूम बच्चों की मौत से बेहद दुखी हैं।

Correspondent – Shanwaz Khan

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments