सऊदी अरब में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई भारतीय परिवारों को शोक में डुबो दिया। मक्का से मदीना जा रहे उमराह यात्रियों से भरी बस जब एक डीजल टैंकर से जा टकराई, तो कुछ ही सेकंड में वाहन आग की लपटों में घिर गया। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, इस हादसे में 40 से अधिक भारतीयों की मौत होने की आशंका है, जिनमें कई महिलाएं और बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं।
मदीना से 160 किलोमीटर दूर हुआ हादसा
गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हादसा स्थानीय समयानुसार रात करीब 1:30 बजे मदीना के पास मुहरास या मुफरिआत इलाके में हुआ। बस में सवार ज्यादातर यात्री सो रहे थे, तभी अचानक सामने से आ रहे डीजल टैंकर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में आग लग गई और यात्रियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। कई शव पूरी तरह जल जाने के कारण पहचान में मुश्किलें आ रही हैं। अब तक करीब 42 मौतों की पुष्टि की गई है, जिनमें हैदराबाद के कई लोगों के शामिल होने का अनुमान है।
तेलंगाना सरकार हरकत में
हादसे की खबर सामने आते ही तेलंगाना सरकार सक्रिय हो गई है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में इस दुर्घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा गया कि मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव और डीजीपी को तुरंत विस्तृत जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि मृतकों में कितने लोग तेलंगाना से थे। सरकार ने विदेश मंत्रालय और सऊदी दूतावास से लगातार संपर्क बनाए रखने के लिए विशेष टीम तैनात की है। मुख्यमंत्री ने सचिवालय में कंट्रोल रूम स्थापित करने के भी निर्देश दिए ताकि पीड़ित परिवारों को लगातार जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।
भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
जेद्दाह स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने हादसे में प्रभावित यात्रियों के परिवारों के लिए 24×7 कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिया है। दूतावास ने टोल-फ्री नंबर 8002440003 जारी करते हुए लोगों से संपर्क करने की अपील की है।
असदुद्दीन ओवैसी ने जताया दुख, मांगी जानकारी
हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने भी हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने हैदराबाद की दो ट्रैवल एजेंसियों से संपर्क कर यात्रियों की सूची मांगी है। साथ ही उन्होंने रियाद दूतावास और डिप्टी चीफ ऑफ मिशन अबु मैथ्यू जॉर्ज से भी बात की है, जिन्होंने जल्द विस्तृत जानकारी देने का आश्वासन दिया है।
यह हादसा उमराह यात्रा पर गए भारतीयों के लिए एक बड़ी त्रासदी साबित हुआ है, और सरकारें लगातार राहत व जानकारी जुटाने में लगी हैं।
Correspondent – Shanwaz Khan


