Friday, March 6, 2026
Google search engine
Homeटॉप स्टोरीदिल्ली–आगरा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: घने कोहरे में 7 बसों की टक्कर,...

दिल्ली–आगरा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: घने कोहरे में 7 बसों की टक्कर, कई बसों में लगी आग, 4 की मौत, 25 घायल

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में दिल्ली–आगरा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घने कोहरे और बेहद कम दृश्यता के कारण एक के बाद एक सात बसें आपस में टकरा गईं, जिसके बाद कई बसों में आग लग गई। इस भीषण दुर्घटना में अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

यह दुर्घटना मथुरा के बलदेव थाना क्षेत्र में सुबह करीब चार बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उस समय एक्सप्रेसवे पर घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे आगे का रास्ता दिखाई नहीं दे रहा था। इसी दौरान एक बस ने आगे चल रही बस को टक्कर मार दी और देखते ही देखते पीछे से आ रही अन्य बसें भी एक-दूसरे से भिड़ती चली गईं। टक्कर के तुरंत बाद कुछ बसों में आग लग गई, जिससे स्थिति और भयावह हो गई।

हादसे के वक्त बसों में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे, जिनमें से कई लोग सो रहे थे। एक चश्मदीद ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि लोग घबराकर बसों से कूदने लगे। आग लगते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ यात्रियों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया।

बताया जा रहा है कि दुर्घटना में शामिल सात बसों में एक रोडवेज बस थी, जबकि बाकी प्राइवेट स्लीपर बसें थीं। इसके अलावा तीन छोटी गाड़ियां भी इस हादसे की चपेट में आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की कई गाड़ियां लगाई गईं।

मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि हादसे की मुख्य वजह लो विजिबिलिटी यानी कम दृश्यता है। उन्होंने कहा कि अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 25 घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत राहत कार्य तेज करने और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और एक्सप्रेसवे पर यातायात को धीरे-धीरे सामान्य किया जा रहा है। घने कोहरे को देखते हुए प्रशासन ने वाहन चालकों से सतर्कता बरतने और सावधानीपूर्वक ड्राइविंग करने की अपील की है।

Correspondent – Shanwaz khan

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments