बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का 89 वर्ष की उम्र में आज निधन हो गया। वे बीते कुछ समय से बीमार चल रहे थे और मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में इलाज करवा रहे थे। हाल ही में उनकी तबीयत में कुछ सुधार हुआ, जिसके बाद उन्हें अस्पताल से घर लाया गया था, लेकिन सोमवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है।
धर्मेंद्र का अंतिम संस्कार सोमवार को मुंबई के विले पार्ले श्मशान घाट में किया गया। उनके अंतिम संस्कार में परिवार के सदस्य और फिल्मी दुनिया की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं। धर्मेंद्र को मुखाग्नि उनके बड़े बेटे और अभिनेता सनी देओल ने दी। अंतिम संस्कार के मौके पर धर्मेंद्र का पूरा परिवार श्मशान घाट पहुंचा था। उनकी पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी सफेद कपड़ों में दुख जताते हुए दिखाई दीं। बेटी ईशा देओल भी बेहद भावुक नजर आईं और उन्होंने अपने चेहरे को दुपट्टे से ढंक रखा था।
धर्मेंद्र की अंतिम यात्रा में श्रद्धांजलि देने के लिए फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई लोग पहुंचे। अभिनेता आमिर खान, अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन समेत तमाम दिग्गज सितारों ने धर्मेंद्र को अंतिम विदाई दी। धर्मेंद्र की मौत से बॉलीवुड और उनके फैन्स सदमे में हैं। श्मशान घाट के बाहर भारी भीड़ इकट्ठा हुई थी, सभी की आंखें नम थीं। धर्मेंद्र को हमेशा उनकी दमदार अभिनय शैली, सादगी और विनम्रता के लिए याद किया जाएगा।

धर्मेंद्र की दूसरी पत्नी हेमा मालिनी और उनकी दोनों बेटियां ईशा और अहाना देओल ने भावुक होकर उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी। परिवार के साथ-साथ उनके दोस्तों और प्रशंसकों ने भी सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि अर्पित की। धर्मेंद्र के निधन के बाद सोशल मीडिया पर उनके पुराने वीडियो और तस्वीरें वायरल हो रही हैं।
फिल्म इंडस्ट्री धर्मेंद्र के योगदान को कभी नहीं भूल पाएगी। वे हमेशा अपने चाहने वालों के दिलों में जिंदा रहेंगे।
Correspondent – Shanwaz khan


