अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टर और लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से डिपोर्ट कर भारत लाया जा रहा है। वह बुधवार (19 नवंबर 2025) को दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेगा, जहां राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) उसकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी करेगी। अनमोल पर कई बड़े संगीन मामलों में शामिल होने के आरोप हैं, जिनमें बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के घर पर हुई फायरिंग और NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या जैसे हाई-प्रोफाइल केस शामिल हैं।
सूत्रों के मुताबिक, अनमोल की फ्लाइट में अन्य डिपोर्ट किए गए लोग भी मौजूद हैं। फ्लाइट करीब डेढ़ घंटे देरी से दिल्ली पहुंचने की जानकारी है। NIA की एक विशेष टीम IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर पहले से ही तैनात है, जो उसके लैंड होते ही उसे हिरासत में लेगी।
दिल्ली पहुंचते ही होगी गिरफ्तारी
प्रक्रिया के अनुसार, भारत पहुंचते ही अनमोल को NIA अपनी कस्टडी में लेगी क्योंकि उसके खिलाफ कई गंभीर मामलों में जांच चल रही है। केंद्र सरकार आगे यह तय करेगी कि अनमोल को किस एजेंसी की कस्टडी में सौंपा जाएगा। महाराष्ट्र पुलिस ने पहले ही अदालत में आवेदन करने की तैयारी कर ली है क्योंकि अनमोल 2024 में सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट पर हुई फायरिंग केस में भी वांटेड है।
फर्जी पासपोर्ट, कई राज्यों में मामले दर्ज
बताया जाता है कि जांच एजेंसियों को हाल ही में पता चला था कि अनमोल अमेरिका और कनाडा के बीच अपनी लोकेशन लगातार बदलते हुए फरार जीवन जी रहा था। इसी दौरान वह कनाडा में हिरासत में लिया गया था। उसके पास से रूसी पासपोर्ट भी मिला, जो कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर तैयार किया गया था। पिछले वर्ष उसे अमेरिका में भी हिरासत में लिया गया था। NIA ने अनमोल पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है।
सिद्धू मूसेवाला और बाबा सिद्दीकी मर्डर केस से जुड़ाव
अनमोल का नाम 2022 में पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या में भी सामने आया था। वहीं NCP नेता बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी ने पुष्टि की है कि उन्हें ईमेल के जरिए अनमोल की भारत वापसी की जानकारी दी गई है। जीशान का कहना है कि अनमोल को भारत लाकर उसके अपराधों की कानूनी सजा मिलनी जरूरी है।
26 आरोपी गिरफ्तार, जांच में आएगी तेजी
12 अक्टूबर 2024 को बांद्रा में बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कई सदस्य गिरफ्तार हुए थे और मुंबई पुलिस ने MCOCA के तहत कड़ी कार्रवाई की थी। कुल 26 आरोपियों को पकड़ा जा चुका है, जबकि अनमोल सहित कुछ आरोपी फरार थे। अनमोल की वापसी के बाद इन सभी मामलों की जांच गति पकड़ने की संभावना है।
Correspondent – Shanwaz Khan


