अरब सागर में इस साल का पहला चक्रवात सक्रिय हो गया है। श्रीलंका ने इसका नाम ‘शक्ति’ रखा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि चक्रवात के कारण हवाओं की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है और कई इलाकों में भारी से अति भारी बारिश देखने को मिलेगी।
मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के तटीय जिलों—मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग—को अलर्ट पर रखा है। समुद्र में ऊंची-ऊंची लहरें उठने की संभावना को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
जानकारी के अनुसार, पहले अरब सागर में लो-प्रेशर सिस्टम बना था, जो डीप डिप्रेशन में बदला और फिर धीरे-धीरे चक्रवात शक्ति का रूप ले लिया। शुक्रवार सुबह 11:30 बजे तक यह पूरी तरह सक्रिय हो गया।
IMD का कहना है कि 3 अक्टूबर को उत्तरी महाराष्ट्र के तटीय इलाकों में 45-55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाएं चलीं, जो धीरे-धीरे बढ़कर 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गईं। अनुमान है कि आने वाले दिनों में यह गति और तेज हो सकती है।
राज्य सरकार ने आपदा प्रबंधन तंत्र को सक्रिय कर दिया है और जरूरत पड़ने पर निकासी योजनाएं (Evacuation Plans) लागू करने की तैयारी कर ली गई है। अलर्ट 7 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगा।


