Monday, March 2, 2026
Google search engine
Homeटॉप स्टोरीबीजेपी को मिलेगा नया जोश, गठबंधन और मजबूत होगा: नितिन नबीन पर...

बीजेपी को मिलेगा नया जोश, गठबंधन और मजबूत होगा: नितिन नबीन पर चिराग पासवान की प्रतिक्रिया

बीजेपी द्वारा बांकीपुर से विधायक नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष घोषित किए जाने के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। इस फैसले पर केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। सोमवार (15 दिसंबर, 2025) को एबीपी नेटवर्क के एक कार्यक्रम में उन्होंने नितिन नबीन को मिली इस अहम जिम्मेदारी को न सिर्फ बीजेपी बल्कि पूरे गठबंधन के लिए शुभ संकेत बताया।

चिराग पासवान ने कहा कि नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से एनडीए गठबंधन में और ज्यादा एकता और मजबूती आएगी। उन्होंने कहा, “बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से गठबंधन और सशक्त होगा। यह फैसला सभी सहयोगी दलों के लिए भरोसा बढ़ाने वाला है।” चिराग ने इसे बिहार के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि यदि यह पहली बार है जब बिहार से कोई नेता बीजेपी के राष्ट्रीय नेतृत्व की जिम्मेदारी संभाल रहा है, तो इससे बेहतर खबर बिहारवासियों के लिए नहीं हो सकती।

चिराग पासवान ने नितिन नबीन को बधाई देते हुए कहा, “मैं अपनी तरफ से और अपनी पार्टी की तरफ से नितिन नबीन जी को शुभकामनाएं देता हूं। बिहार से निकलकर देश की सबसे बड़ी पार्टी का नेतृत्व करना अपने आप में बड़ी बात है।” उन्होंने यह भी कहा कि यह कदम इस बात का संकेत है कि देश अब युवा नेतृत्व और नई सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए पूरी तरह तैयार है।

युवा नेतृत्व पर जोर देते हुए चिराग पासवान ने कहा, “जिस तरह बिहार विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है, उसी तरह एक युवा सोच और युवा जोश के साथ देश भी आगे बढ़ रहा है। नितिन नबीन का राष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व में आना इसी बदलाव का प्रतीक है।” उन्होंने इसे देश की राजनीति में सकारात्मक संकेत करार दिया।

अपने व्यक्तिगत रिश्तों पर बात करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि वे नितिन नबीन को कई वर्षों से जानते हैं। “वे मेरे मित्र रहे हैं, मेरे भाई जैसे हैं। ऐसे में मैं व्यक्तिगत तौर पर भी बहुत खुश हूं।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे हमेशा राजनीतिक मतभेदों को अलग रखकर व्यक्तिगत संबंधों को सम्मान देते हैं।

इधर, नितिन नबीन को मिली नई जिम्मेदारी के बाद बधाइयों का दौर लगातार जारी है। सोमवार सुबह उन्होंने पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर जाकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे राजवंशी नगर स्थित नवीन सिन्हा पार्क पहुंचे, जहां उन्होंने अपने पिता और बीजेपी के दिवंगत नेता स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, दीघा विधायक संजीव चौरसिया समेत कई वरिष्ठ नेता उनके साथ मौजूद रहे।

Correspondent – Shanwaz khan

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments