बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान के बाद राज्य की राजनीति और भी गर्मा गई है। जनशक्ति जनता दल के प्रमुख और महुआ सीट से उम्मीदवार तेज प्रताप यादव ने सोमवार (10 नवंबर) को पत्रकारों से बातचीत में बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इस चुनाव में 10 से 15 सीटों पर जीत दर्ज करेगी।
तेज प्रताप ने कहा, “हम जीतेंगे, और 14 नवंबर को सबको पता चल जाएगा कि बिहार में जनशक्ति जनता दल का प्रदर्शन कैसा रहा।” जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि राज्य में किसकी सरकार बनने जा रही है, तो उन्होंने कहा, “देखते हैं, 14 तारीख को परिणाम सब कुछ साफ कर देंगे।”
मुख्यमंत्री आवास से अधिकारियों को धमकाने के आरोप पर तेज प्रताप यादव ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है, इसलिए वे इस मुद्दे पर टिप्पणी नहीं करना चाहते। वहीं, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उम्र को लेकर दायर याचिका पर उन्होंने कहा, “अगर उम्र गलत है, तो सुधारवा लें, उसमें क्या परेशानी है।”
इसी बीच, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी बिहार सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पहले चरण के मतदान के बाद एनडीए खेमे में निराशा का माहौल है और हार के डर से गृह मंत्री और कुछ वरिष्ठ अधिकारी विपक्ष समर्थक कर्मचारियों को धमकी दे रहे हैं। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि अधिकारियों से दबाव डालकर महागठबंधन के बूथों को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।
तेजस्वी ने संकेत दिया कि जनता अब बदलाव के मूड में है और 14 नवंबर के नतीजे इसका प्रमाण देंगे। उन्होंने कहा कि “इस बार सत्ता का संतुलन बदलने वाला है।”


