Monday, March 2, 2026
Google search engine
Homeटॉप स्टोरीभोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव आज छपरा से करेंगे नामांकन, RJD के...

भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव आज छपरा से करेंगे नामांकन, RJD के टिकट पर उतरेंगे चुनावी मैदान में

पटना:
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एक बार फिर ग्लैमर और राजनीति का संगम देखने को मिलेगा। भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव अब राजनीति के अखाड़े में उतर चुके हैं। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने उन्हें छपरा विधानसभा सीट से उम्मीदवार घोषित किया है। शुक्रवार (17 अक्टूबर) को खेसारी लाल यादव छपरा से अपना नामांकन दाखिल करेंगे

खेसारी लाल यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर अपने राजनीतिक सफर की घोषणा की। उन्होंने लिखा —

“मैं, आप सभी का बेटा और भाई खेसारी लाल यादव, इस बार छपरा विधानसभा से चुनाव लड़ रहा हूं। मैं कोई परंपरागत नेता नहीं हूं, मैं जनता का बेटा हूं, खेत-खलिहान का लाल हूं, हर तबके की आवाज हूं और युवा भाइयों का जोश हूं।”

इस घोषणा के साथ ही उन्होंने लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव का आभार जताया और कहा कि राजनीति उनके लिए कुर्सी की दौड़ नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है — जनता की आवाज बनने और विकास को हर घर तक पहुंचाने की।

लालू-तेजस्वी ने थमाया पार्टी सिंबल

खेसारी लाल यादव को आधिकारिक तौर पर पार्टी का सिंबल राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने सौंपा। इस मौके पर तेजस्वी यादव भी मौजूद रहे। राजद नेतृत्व ने उन्हें “जनता का चेहरा” बताते हुए भरोसा जताया कि खेसारी युवा मतदाताओं और आम लोगों से गहरा जुड़ाव बनाएंगे।
खेसारी ने कहा कि लालू-तेजस्वी की विचारधारा उनके राजनीतिक मार्गदर्शन का आधार है —

“राष्ट्रीय जनता दल की सोच, लालू जी और बड़े भाई तेजस्वी यादव का नेतृत्व, और जनता का आशीर्वाद ही मेरी ताकत है।”

नामांकन के लिए करेंगे रोड शो

खेसारी लाल यादव शुक्रवार को छपरा में एक भव्य रोड शो के बाद नामांकन दाखिल करेंगे। बताया जा रहा है कि उनके साथ हजारों समर्थक मौजूद रहेंगे। स्थानीय कार्यकर्ताओं के अनुसार, खेसारी की लोकप्रियता और जनसंपर्क अभियान ने पहले ही क्षेत्र में उत्साह पैदा कर दिया है।
खेसारी ने अपने समर्थकों से अपील की —

“नामांकन के दिन आइए, अपने बेटे को आशीर्वाद दीजिए ताकि हम आपके हक और सम्मान की लड़ाई मजबूती से लड़ सकें।”

कौन हैं खेसारी लाल यादव?

खेसारी लाल यादव भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के सबसे चर्चित और लोकप्रिय सितारों में से एक हैं। बिहार के छपरा जिले के बखरी गांव में जन्मे खेसारी ने अपने करियर की शुरुआत लोकगीत गायक के रूप में की थी। इसके बाद उन्होंने फिल्मों में कदम रखा और आज वे भोजपुरी सिनेमा के सबसे सफल कलाकारों में शुमार हैं।
उनकी फिल्में जैसे साजन चले ससुराल’, ‘दिलवाला’, ‘संगर्ष’ और मेहंदी लगा के रखना’ सुपरहिट रहीं। वे अपनी सादगी और ग्रामीण पृष्ठभूमि से जुड़ी छवि के कारण जनता में बेहद लोकप्रिय हैं।

राजनीतिक महत्व

खेसारी का चुनावी मैदान में उतरना न सिर्फ राजद के लिए बल्कि पूरे महागठबंधन के लिए एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है। राजद को उम्मीद है कि उनकी लोकप्रियता खासतौर पर युवा मतदाताओं और ग्रामीण क्षेत्रों में असर डालेगी।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि छपरा सीट पर इस बार मुकाबला दिलचस्प होगा, क्योंकि खेसारी लाल यादव अपनी स्टार छवि के साथ जनता के बीच नए तरह की राजनीति का संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments