Tuesday, March 31, 2026
Google search engine
Homeटॉप स्टोरीमुस्लिम बॉयफ्रेंड फरमान से शादी के बाद बोलीं मोनालिसा – ‘हिंदू रीति-रिवाज...

मुस्लिम बॉयफ्रेंड फरमान से शादी के बाद बोलीं मोनालिसा – ‘हिंदू रीति-रिवाज से हुई शादी, लव जिहाद का आरोप गलत’

हाल ही में अपनी शादी को लेकर चर्चा में आई महाकुंभ वायरल गर्ल Monalisa ने मुस्लिम बॉयफ्रेंड Farman से शादी के बाद उठे लव जिहाद के आरोपों पर खुलकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर साफ कहा कि उनकी शादी पूरी तरह उनकी मर्जी से हुई है और इसमें किसी तरह का धर्म परिवर्तन नहीं हुआ है।

मोनालिसा ने बताया कि उनकी और फरमान की शादी हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुई है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस रिश्ते को लेकर गलत तरह की बातें फैला रहे हैं और इसे लव जिहाद बता रहे हैं, जबकि ऐसा बिल्कुल भी नहीं है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा, “हमारी शादी हिंदू रीति-रिवाज से हुई है। लोगों को गलतफहमी हो रही है कि यह लव जिहाद है, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं है। मैंने अपना धर्म नहीं बदला है और फरमान ने भी अपना धर्म नहीं बदला है।”

मोनालिसा ने यह भी बताया कि उनके परिवार वाले इस शादी से खुश नहीं थे। उनके माता-पिता उनकी शादी किसी और से करवाना चाहते थे। उन्होंने बताया कि परिवार ने जिस लड़के से शादी तय करने की बात कही थी, वह उनके रिश्तेदारी में ही था और उन्हें वह रिश्ता स्वीकार नहीं था।

उन्होंने कहा, “मेरे माता-पिता मेरी शादी किसी और से करना चाहते थे, लेकिन मुझे वह रिश्ता पसंद नहीं था। इसलिए मैंने अपने फैसले से शादी की। मेरे पापा यहां आए थे, लेकिन वह इस शादी से थोड़ा नाराज हैं और समारोह में शामिल नहीं हुए।”

वहीं फरमान ने भी इस पूरे मामले पर अपनी बात रखते हुए कहा कि उनके लिए सभी धर्म समान हैं। उन्होंने बताया कि वह एक अभिनेता हैं और दक्षिण भारतीय तथा हिंदी फिल्मों में काम करते हैं। फरमान ने कहा कि उन्होंने मोनालिसा की इच्छा के अनुसार हिंदू परंपरा से शादी की है।

फरमान ने कहा, “हम दोनों कलाकार हैं और हमारे लिए सभी धर्म एक जैसे हैं। मोनालिसा हिंदू हैं और मैंने उसी के अनुसार शादी की। मैं बस उसे खुश देखना चाहता हूं। हमने एक-दूसरे का धर्म नहीं बदला है।”

इस बीच मोनालिसा की शादी को लेकर फिल्म निर्देशक Sanoj Mishra ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस पूरे मामले पर नाराजगी जताई और इसे लव जिहाद बताया।

सनोज मिश्रा ने लिखा कि मोनालिसा की शादी की खबर से वह काफी आहत हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने ही मोनालिसा को फिल्म इंडस्ट्री में लाने की योजना बनाई थी और उन्हें अभिनेत्री बनाने के लिए प्रशिक्षण देने का ऐलान किया था।

निर्देशक ने यह भी कहा कि मोनालिसा का जीवन पहले से ही काफी संघर्षों से भरा रहा है और उन्हें उम्मीद थी कि वह फिल्मी दुनिया में अपना करियर बनाएंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में कुछ लोगों की भूमिका भी हो सकती है।

हालांकि, इन आरोपों के बीच मोनालिसा और फरमान दोनों ने साफ कहा है कि उनकी शादी आपसी सहमति और प्यार से हुई है। उनका कहना है कि इस रिश्ते को किसी भी तरह के विवाद या धार्मिक रंग में नहीं देखा जाना चाहिए।

Correspondent – Shanwaz Khan

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments