दिल्ली नगर निगम (MCD) उपचुनाव के लिए शुक्रवार, 28 नवंबर को प्रचार का आखिरी दिन रहा। मतदान से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) और आम आदमी पार्टी (AAP) ने चुनावी मैदान में पूरी ताकत झोंक दी। दोनों दलों के शीर्ष नेता अलग-अलग वार्डों में जनता से समर्थन मांगते हुए नजर आए।
CM रेखा गुप्ता ने BJP प्रत्याशी के समर्थन में की सभा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने चांदनी महल वार्ड में भाजपा उम्मीदवार सुनील शर्मा के लिए जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में एमसीडी को पटरी पर लाने के लिए भाजपा का जीतना जरूरी है। रेखा गुप्ता के मुताबिक भाजपा ही वह पार्टी है जो सफाई व्यवस्था, सड़क सुधार और बुनियादी सुविधाओं को सही दिशा में आगे बढ़ा सकती है।
उन्होंने दावा किया कि जनता भाजपा के कामकाज से प्रभावित है और उपचुनाव के नतीजे इसके संकेत देंगे।
भाजपा ने पंजाबी और सिंधी समुदायों को साधा
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने अशोक विहार वार्ड में पंजाबी और सिंधी समुदाय की बड़ी सभा को संबोधित किया। उन्होंने लोगों से भाजपा प्रत्याशी वीना असीजा के समर्थन में वोट देने की अपील की। सचदेवा ने कहा कि उपचुनाव में भाजपा की जीत दिल्ली में बेहतर रखरखाव और विकास को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी।
AAP का पलटवार: “अब जनता BJP पर चलाएगी बुलडोजर”
आम आदमी पार्टी ने भी प्रचार के आखिरी दिन पूरे जोर-शोर से वोटरों को साधने की कोशिश की। अशोक विहार वार्ड 65 में AAP सांसद संजय सिंह ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार झुग्गी बस्तियों पर बुलडोजर चला रही है, लेकिन इस बार जनता खुद भाजपा को बुलडोजर दिखाने को तैयार बैठी है।
आतिशी ने दो वार्डों में किया रोडशो
विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने मुंडका वार्ड 35 और दक्षिणपुरी वार्ड 164 में रोडशो कर लोगों से ‘आप’ को मौका देने की अपील की। उन्होंने कहा कि AAP एमसीडी में सफाई, स्वास्थ्य और स्थानीय विकास के मुद्दों पर तेज गति से काम करेगी।
आतिशी ने कहा कि “AAP की राजनीति काम की राजनीति है, और एमसीडी में भी यही मॉडल लागू किया जाएगा।”
उपचुनाव के लिए दोनों दलों के आक्रामक प्रचार के बाद अब नजरें जनता के फैसले पर टिक गई हैं।
Correspondent – Shanwaz Khan


