Wednesday, March 4, 2026
Google search engine
HomeदेशIND vs SA: रिकॉर्ड हार के बाद भड़के दिनेश कार्तिक, इंस्टाग्राम पर...

IND vs SA: रिकॉर्ड हार के बाद भड़के दिनेश कार्तिक, इंस्टाग्राम पर वीडियो डालकर टीम चयन और खेल नीति पर साधा निशाना

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारत को मिली करारी हार ने क्रिकेट जगत को झकझोर कर रख दिया है। दो मैचों की इस घरेलू श्रृंखला में 2-0 से मिली क्लीन स्वीप ने भारतीय टेस्ट क्रिकेट की कई कमजोरियों को उजागर कर दिया। खासकर गुवाहाटी में खेले गए दूसरे टेस्ट में 408 रनों के अंतर से हुई हार ने इतिहास का सबसे बड़ा शर्मनाक रिकॉर्ड भी भारत के नाम कर दिया। इससे पहले टीम इंडिया कभी इतना बड़े अंतर से नहीं हारी थी। इस नतीजे ने फैंस से लेकर पूर्व खिलाड़ियों तक को हैरान कर दिया है।

कार्तिक ने इंस्टाग्राम पर निकाला गुस्सा

हार के बाद पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज और मौजूदा कमेंटेटर दिनेश कार्तिक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर अपनी गहरी नाराजगी जताई। उनके मुताबिक भारतीय टीम में वह दबदबा अब नजर नहीं आता जिससे विदेशी टीमें भारत में टेस्ट खेलने से डरती थीं। कार्तिक ने कहा कि यह पिछले 12 महीनों में दूसरी बार है जब भारत को घरेलू टेस्ट सीरीज में व्हाइटवॉश झेलना पड़ा है। उन्होंने इसे भारतीय टेस्ट क्रिकेट के लिए “गंभीर चेतावनी” बताया।

कार्तिक के अनुसार, “अब विदेशी टीमें भारत आने को चुनौती नहीं, बल्कि अवसर समझेंगी। पिछले 3 घरेलू टेस्ट सीरीज में दो बार क्लीन स्वीप होना इस बात का संकेत है कि कुछ बहुत गलत हो रहा है।”

टीम चयन और कॉम्बिनेशन पर सवाल

कार्तिक ने अपने वीडियो में टीम इंडिया के कॉम्बिनेशन को भी कठघरे में खड़ा किया। उनके अनुसार भारत ने इस सीरीज में आवश्यकता से अधिक ऑलराउंडर्स पर भरोसा किया, जिससे प्लेइंग इलेवन का संतुलन बिगड़ गया।

उन्होंने उदाहरण देते हुए नीतीश रेड्डी का जिक्र किया, जो घरेलू क्रिकेट में बहुत कम गेंदबाजी करके आए थे, लेकिन उन्हें पूरी सीरीज में पेस ऑलराउंडर की भूमिका निभानी पड़ी। कार्तिक के अनुसार यह चयन नीति भारत को पीछे धकेल रही है।

उन्होंने कहा, “दक्षिण अफ्रीका के सात बल्लेबाजों ने इस सीरीज में पचास या उससे ज्यादा रन बनाए, जबकि भारत के केवल दो खिलाड़ी ही फिफ्टी तक पहुंच पाए। यह आंकड़ा बताता है कि किस टीम ने बेहतर तैयारी की थी।”

नंबर-3 स्लॉट बना सबसे बड़ा सिरदर्द

दिनेश कार्तिक ने भारतीय टेस्ट टीम के नंबर-3 बल्लेबाज की समस्या को सबसे गंभीर मुद्दा बताया। उनके अनुसार पूरा टेस्ट चैंपियनशिप चक्र इसी अस्थिरता में बीत गया है और इस स्थान पर भारतीय बल्लेबाजों का औसत मात्र 26 रहा है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “हमारा स्थायी नंबर-3 आखिर है कौन? एक मैच में सुदर्शन, अगले में वॉशिंगटन सुंदर। बार-बार बदलाव करने से टीम में स्थिरता कैसे आएगी?”

अगले टेस्ट से पहले लंबा अंतर

कार्तिक ने अपने वीडियो के अंत में कहा कि भारत को अगला टेस्ट मैच सात महीने बाद जून में खेलना है। उनका सवाल था कि क्या टीम इस शर्मनाक हार से सबक लेगी या इसे समय के साथ भुला देगी।

उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि भारतीय टीम ने अभी सुधार की शुरुआत नहीं की, तो आने वाले वर्षों में टेस्ट फॉर्मेट में भारत की स्थिति और कमजोर हो सकती है।

Correspondent – Shanwaz Khan

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments