वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस से कुछ ही दूरी पर बुधवार दोपहर हुए हमले ने पूरे अमेरिका को हिलाकर रख दिया। वेस्ट वर्जीनिया नेशनल गार्ड के दो जवानों पर अचानक घात लगाकर गोलीबारी की गई, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद आसपास का इलाका बंद कर दिया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
हमले के समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप फ्लोरिडा स्थित अपने मार-ए-लागो क्लब में मौजूद थे। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने वीडियो संदेश जारी कर इस हमले की कड़ी निंदा की। ट्रंप ने कहा कि थैंक्सगिविंग से ठीक पहले देश की राजधानी में ड्यूटी कर रहे सैनिकों पर हुआ यह हमला “राष्ट्र के खिलाफ अपराध और मानवता के खिलाफ जघन्य कृत्य” है।
500 अतिरिक्त सैनिक तैनात करने का आदेश
हमले को अत्यंत गंभीर मानते हुए ट्रंप ने पेंटागन को राजधानी क्षेत्र में तुरंत 500 अतिरिक्त सैनिकों की तैनाती का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नेशनल गार्ड देश की सुरक्षा की पहली पंक्ति है और उन पर किसी भी तरह का हमला बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
अफगान नागरिकों की कड़ी जांच फिर से शुरू होगी
हमले के बाद सामने आए शुरुआती तथ्यों के आधार पर ट्रंप प्रशासन ने संकेत दिया कि संदिग्ध व्यक्ति 2021 में अफगानिस्तान से अमेरिका आया था। इसी आधार पर राष्ट्रपति ट्रंप ने घोषणा की कि बाइडेन प्रशासन के दौरान अफगानिस्तान से आए सभी व्यक्तियों की अब दोबारा और सख्त जांच की जाएगी। इससे अमेरिका में मौजूद अफगान नागरिकों पर अतिरिक्त निगरानी और सुरक्षा जांच बढ़ने की संभावना है।
ट्रंप ने कहा कि देश की सुरक्षा को खतरे में डालने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और यदि जरूरत पड़ी तो आव्रजन प्रक्रिया में और भी कड़े कदम उठाए जाएंगे।
एक संदिग्ध हिरासत में, जांच आतंकवाद के तौर पर
घटना के कुछ ही समय बाद 29 वर्षीय रहमानुल्लाह लकनवाल को गोलीबारी में घायल अवस्था में पकड़ा गया। वह एक अफगान मूल का नागरिक बताया जा रहा है, जो कथित रूप से 2021 में अमेरिका पहुंचा था। न्याय विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि की कि इस मामले की जांच अब “आतंकवादी कृत्य” के रूप में की जा रही है।
फिलहाल एजेंसियां हमले के मकसद, संदिग्ध के नेटवर्क और उसकी गतिविधियों की पूरी तरह छानबीन कर रही हैं। राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है और जनता से सतर्क रहने की अपील की गई है।
Correspondent – Shanwaz Khan


