अजय देवगन, रकुल प्रीत सिंह और आर. माधवन की फिल्म ‘दे दे प्यार दे 2’ ने रिलीज के बाद अपना पहला हफ्ता पूरा कर लिया है। हालांकि फिल्म को शुरुआती दिनों में अच्छा रिस्पॉन्स और शानदार ओपनिंग मिली, लेकिन सप्ताह खत्म होते-होते इसका बॉक्स ऑफिस कलेक्शन लगातार गिरता दिखा। आठवें दिन भी फिल्म की कमाई में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे साफ है कि अब मूवी का क्रेज पहले जैसा नहीं रहा।
8वें दिन कितना था फिल्म का कलेक्शन?
पहले हफ्ते में उतार–चढ़ाव के बावजूद ‘दे दे प्यार दे 2’ ने 51.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया था। लेकिन दूसरे शुक्रवार को फिल्म की रफ्तार और धीमी हो गई। सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, 8वें दिन फिल्म सिर्फ 2.25 करोड़ रुपये ही जुटा सकी। इसके साथ ही कुल कलेक्शन 53.50 करोड़ रुपये हो गया है।
फिल्म की कमाई में गिरावट की बड़ी वजह यह भी है कि सिनेमाघरों में अब नई फिल्मों की एंट्री हो चुकी है। फरहान अख्तर की ‘120 बहादुर’ और रितेश देशमुख, विवेक ओबेरॉय व आफताब शिवदासानी की ‘मस्ती 4’ ने थिएटर्स में दस्तक दे दी है। इन नई रिलीज़ ने ‘दे दे प्यार दे 2’ के कलेक्शन पर सीधा असर डाला है।
रकुल प्रीत के करियर की दूसरी सबसे बड़ी फिल्म बनी
जहां फिल्म की कमाई उम्मीद के मुताबिक नहीं बढ़ रही, वहीं रकुल प्रीत सिंह के लिए यह फिल्म एक उपलब्धि बन गई है। 53 करोड़ से ज्यादा की कमाई के साथ यह उनके करियर की दूसरी सबसे बड़ी फिल्म बन गई है। अब इसका मुकाबला रकुल की ही पिछली फिल्म ‘दे दे प्यार दे’ से है, जिसने 104.13 करोड़ रुपये का लाइफटाइम कलेक्शन किया था।
फिल्म के नए आंकड़ों को देखते हुए ‘दे दे प्यार दे 2’ के लिए इस रिकॉर्ड को तोड़ना काफी मुश्किल नजर आ रहा है, क्योंकि इसे लगभग 50 करोड़ रुपये की और कमाई करनी होगी।
क्या फिल्म वसूल पाएगी अपना बजट?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘दे दे प्यार दे 2’ का बजट करीब 100 करोड़ रुपये है। लेकिन फिल्म 8 दिनों में मात्र 53.50 करोड़ ही कमा पाई है। अजय देवगन जैसी बड़ी स्टार पॉवर होने के बावजूद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर गति नहीं पकड़ पाई है। यदि दूसरे वीकेंड में कमाई में अच्छी बढ़ोतरी होती है तो फिल्म अपने बजट की ओर बढ़ सकती है, लेकिन मौजूदा आंकड़े देखकर इसकी भरपाई करना मुश्किल लगता है।
फिलहाल सभी की नजरें इसके दूसरे वीकेंड के कलेक्शन पर टिकी हैं, जो फिल्म की आगे की किस्मत तय करेगा।
Correspondent – Shanwaz Khan


