उत्तर प्रदेश के बरेली में स्थित प्रसिद्ध आला हज़रत परिवार से ताल्लुक रखने वाली और इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) प्रमुख मौलाना तौकीर रजा के बड़े भाई की बहू निदा खान ने अपने ऊपर हमले का सनसनीखेज आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मंगलवार रात एक अज्ञात युवक उनके घर में घुसा और चाकू से उन पर हमला करने की कोशिश की। इस घटना के पीछे उन्होंने अपने पति शीरान रजा तथा मौलाना तौकीर रजा से जुड़े लोगों का हाथ बताया है।
निदा खान ने बारादरी थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि रात करीब नौ बजे काले कपड़ों में एक युवक बैग लिए उनके आवास में दाखिल हुआ। वह बिना किसी रोक-टोक के सीढ़ियां चढ़कर पहली मंज़िल तक पहुंच गया, जहां निदा मौजूद थीं। विरोध करने पर युवक ने बैग से चाकू निकाला और उन पर वार करने की कोशिश की। निदा के अनुसार, उनके शोर मचाते ही घर के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और डंडा लेकर युवक को रोकने का प्रयास किया। इसके बाद वह उन्हें जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
निदा ने बताया कि पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसकी फुटेज उन्होंने पुलिस को सौंप दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि हमले के पीछे उनके पति और मौलाना तौकीर रजा से जुड़े लोगों की साज़िश है। निदा और उनके पति के बीच विवाद का मामला पहले से अदालत में लंबित है।
निदा का कहना है कि पिछले कई महीनों से उन्हें लगातार अज्ञात नंबरों से धमकी भरे कॉल आ रहे थे। उन्होंने बताया कि उनकी गाड़ी का पीछा भी कई बार किया गया, जिससे उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर लगातार डर बना हुआ था। उनका आरोप है कि यह पूरी गतिविधि उनके ससुराल वालों और कट्टरपंथी समूहों की ओर से की जा रही है।
गौरतलब है कि आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा फिलहाल जेल में बंद हैं। उन पर 26 सितंबर को बरेली में लगे ‘आई लव मुहम्मद’ पोस्टरों को लेकर भड़की हिंसा के मामले में संलिप्तता का आरोप है। वह अपने विवादित बयानों और राजनीतिक रुख के चलते अक्सर सुर्खियों में रहते हैं।
निदा खान द्वारा लगाए गए ताज़ा आरोपों ने एक बार फिर बरेली की सियासत और आला हज़रत परिवार के अंदरूनी विवाद को चर्चा में ला दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज की तकनीकी जांच कर रही है।
Correspondent – Shanwaz Khan


