उत्तर भारत में सर्दी ने अब पूरी तरह दस्तक दे दी है। पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी का असर मैदानी राज्यों तक पहुंच चुका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है और आने वाले दिनों में ठंड का प्रभाव और बढ़ सकता है।
दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार से शीतलहर का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है। सुबह और शाम के समय ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे लोगों को घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी का अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दो दिनों तक तापमान में और गिरावट हो सकती है।
उत्तर प्रदेश में भी मंगलवार से ठंडी हवाओं का असर दिखने लगा है। लखनऊ, कानपुर, इटावा, प्रयागराज और बाराबंकी सहित कई जिलों में सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा। आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के अनुसार, पूर्वी और पश्चिमी यूपी में हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बन सकती है जो सुबह 1 से 3 घंटे तक बनी रहेगी। दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने पर कुछ राहत मिलेगी, लेकिन शाम के बाद तापमान तेजी से नीचे जाएगा।
बिहार में भी शीतलहर का असर आज से बढ़ने की संभावना है। पटना, गया, भोजपुर, सिवान, पूर्णिया और मधुबनी जिलों में तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की जाएगी। सीमांचल के कई क्षेत्रों में सुबह के समय ठंडी हवाएं चलने और कोहरे के कारण दृश्यता कम रहने की चेतावनी दी गई है।
इस बीच, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने बताया कि 18 नवंबर से तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखी जा सकती है। इन राज्यों के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी की संभावना है, जिससे मैदानी इलाकों में ठंड और भी तेजी से बढ़ेगी।
दक्षिण भारत में, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और केरल में भारी बारिश और तूफान का दौर जारी है। चेन्नई सहित कई जिलों में स्कूलों को मंगलवार के लिए बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।
Correspondent – Shanwaz Khan


