उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में बुधवार को एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। मोहम्मदाबाद स्थित राजकीय हवाई पट्टी पर एक प्राइवेट जेट रनवे से फिसलकर झाड़ियों में जा घुसा, लेकिन गनीमत रही कि विमान में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए।
टेकऑफ के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, जेट सर्विस एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का यह विमान भोपाल के लिए रवाना होने वाला था। जैसे ही विमान ने रनवे पर टेकऑफ की प्रक्रिया शुरू की, अचानक उसके पहिए मुड़ गए और विमान नियंत्रण खो बैठा। कुछ ही सेकंड में विमान रनवे छोड़कर बगल की झाड़ियों में जा घुसा।
कम हवा वाले टायर बने वजह
सूत्रों के अनुसार, विमान के टायर में हवा कम होने के कारण यह हादसा हुआ। बताया गया कि पायलट को पहले से इस तकनीकी गड़बड़ी की जानकारी थी, लेकिन फिर भी उड़ान की तैयारी की गई।
भोपाल के लिए रवाना हो रहे थे अधिकारी
विमान में वुडपैकर ग्रीन एनर्जी न्यूट्री प्रा. लि. के डीएमडी अजय अरोड़ा, एसबीआई हेड सुमित शर्मा, बीपीओ राकेश टीकू, कैप्टन नसीब बामल और कैप्टन प्रतीक फर्नांडीज सवार थे। ये सभी लोग खिमसेपुर औद्योगिक क्षेत्र में बन रही बीयर फैक्ट्री के निरीक्षण के बाद भोपाल लौट रहे थे।
कंपनी अधिकारियों का आरोप
कंपनी के उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट हेड मनीष कुमार पांडे ने बताया कि विमान सुबह 10:30 बजे भोपाल के लिए उड़ान भरने वाला था, लेकिन पहिए में हवा कम होने की वजह से हादसा हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पायलट की लापरवाही से यह बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।
फायर ब्रिगेड को नहीं मिली समय पर सूचना
फायर ब्रिगेड अधिकारियों ने बताया कि उन्हें विमान की लैंडिंग या टेकऑफ की पूर्व सूचना समय पर नहीं दी गई थी। नियमानुसार 12 घंटे पहले जानकारी देना और ट्रेजरी फीस जमा करना जरूरी होता है, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
अधिकारियों ने लिया घटनास्थल का जायज़ा
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला, डीएसपी अजय वर्मा, एसडीएम सदर रजनीकांत, अपर उप जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत की बात रही कि सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित हैं और विमान को किसी बड़े नुकसान से बचा लिया गया है।


