मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और वैश्विक अस्थिरता के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज़ उछाल देखने को मिला है। पिछले एक महीने में कच्चे तेल की कीमत लगभग 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 120 डॉलर से ऊपर पहुंच गई है। इसका असर दुनिया के लगभग सभी देशों पर पड़ा है और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ऐसे माहौल में भारत में भी लॉकडाउन को लेकर कई तरह की अफवाहें फैलने लगी थीं, जिन पर अब सरकार ने साफ स्थिति स्पष्ट कर दी है।
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने बताया कि वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतों में उछाल के बावजूद भारत सरकार ने आम जनता को राहत देने के लिए विशेष कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के सामने दो विकल्प थे—या तो अन्य देशों की तरह सीधे उपभोक्ताओं पर बोझ डालते हुए ईंधन की कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर दी जाए, या फिर सरकार खुद आर्थिक दबाव सहकर जनता को राहत दे। सरकार ने दूसरा रास्ता चुना ताकि नागरिकों पर महंगाई का असर कम से कम पड़े।

उन्होंने आगे बताया कि पेट्रोल और डीजल पर तेल कंपनियों को भारी नुकसान हो रहा है, जिसे कम करने के लिए सरकार ने अपने राजस्व में कटौती की है। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय कीमतों में वृद्धि को देखते हुए निर्यात पर टैक्स लगाया गया है, ताकि घरेलू बाजार में आपूर्ति संतुलित बनी रहे और कीमतों को नियंत्रित किया जा सके।
हरदीप पुरी ने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान वैश्विक स्थिति को देखते हुए सरकार ऊर्जा, सप्लाई चेन और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि देश में किसी भी जरूरी वस्तु की कमी न हो और आपूर्ति बिना रुकावट जारी रहे।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उन्होंने लॉकडाउन को लेकर फैल रही खबरों को पूरी तरह से खारिज कर दिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि सरकार के पास ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है और न ही इस पर कोई विचार किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जिम्मेदारी से व्यवहार करें।
मंत्री ने कहा कि भारत पहले भी वैश्विक संकटों का मजबूती से सामना कर चुका है और आगे भी सरकार समय पर उचित कदम उठाती रहेगी। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और एकजुट रहने की अपील की, ताकि किसी भी चुनौती का सामना प्रभावी ढंग से किया जा सके।
Correspondent – Shanwaz Khan


