नई दिल्ली: उत्तम नगर में हाल ही में हुए हत्याकांड के बाद उत्पन्न तनाव को देखते हुए दिल्ली हाई कोर्ट ने पुलिस को कड़े निर्देश दिए हैं। अदालत ने साफ कहा है कि ईद के मौके पर किसी भी तरह से कानून-व्यवस्था बिगड़ने नहीं दी जानी चाहिए और इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएं। कोर्ट ने पुलिस से यह सुनिश्चित करने को कहा कि इलाके में शांति और साम्प्रदायिक सौहार्द बना रहे।
हाई कोर्ट में इस मामले को लेकर दो अलग-अलग याचिकाएं दायर की गई थीं। इन याचिकाओं में आशंका जताई गई थी कि ईद के दौरान उत्तम नगर में माहौल बिगड़ सकता है, इसलिए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएं। याचिकाकर्ताओं ने दावा किया कि उन्होंने पहले भी पुलिस को इस संबंध में सूचना दी थी, लेकिन उस पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया।
सुनवाई के दौरान दिल्ली हाई कोर्ट ने पुलिस को निर्देश दिया कि वह क्षेत्र में पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करे और एहतियाती उपायों को लागू करे। अदालत ने यह भी कहा कि सुरक्षा व्यवस्था केवल ईद तक सीमित न रहे, बल्कि रामनवमी के बाद तक जारी रखी जाए ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। कोर्ट ने समाज के सभी वर्गों से भी अपील की कि वे संयम और जिम्मेदारी का परिचय दें, जिससे शांति बनी रहे।
दिल्ली पुलिस की ओर से अदालत को बताया गया कि 4 मार्च को होली के दिन हुई हत्या के बाद से ही इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। पुलिस ने जानकारी दी कि द्वारका जिले के 11 थानों में सशस्त्र बलों की 8 कंपनियां तैनात की गई हैं और करीब 400 पुलिसकर्मी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सक्रिय हैं। इसके अलावा केंद्रीय सुरक्षा बलों की भी तैनाती की गई है।
पुलिस ने यह भी बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी तरह की अफवाह या भड़काऊ सामग्री को तुरंत रोका जा सके। इलाके में 100 से अधिक जगहों पर जांच चौकियां बनाई गई हैं और कई स्थानों पर सुरक्षाकर्मी छतों से निगरानी कर रहे हैं।
गौरतलब है कि 4 मार्च को उत्तम नगर के जेजे कॉलोनी इलाके में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। जानकारी के अनुसार, पानी से भरे गुब्बारे को लेकर दो परिवारों के बीच झड़प हुई, जिसमें 26 वर्षीय युवक तरुण की हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और कुछ संगठनों ने विरोध प्रदर्शन भी किया। इस दौरान आरोपियों के परिजनों के वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया।
पुलिस ने इस मामले में अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया है। संवेदनशील स्थिति को देखते हुए मस्जिदों, ईदगाहों और अन्य धार्मिक स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जहां बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने की संभावना है।
प्रशासन और पुलिस दोनों ही यह सुनिश्चित करने में जुटे हैं कि आगामी त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हों और किसी भी तरह की अफवाह या तनाव से स्थिति प्रभावित न हो।
Correspondent – Shanwaz Khan


