बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता गोविंदा एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कोई फिल्म या बयान नहीं, बल्कि भोजपुरी सुपरस्टार दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ के साथ उनकी एक तस्वीर है। इस तस्वीर के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कयासों का दौर शुरू हो गया है कि क्या गोविंदा अब भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में भी कदम रखने जा रहे हैं।
दरअसल, निरहुआ ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर गोविंदा के साथ एक तस्वीर साझा की, जिसमें दोनों कलाकार मुस्कुराते हुए कैमरे के लिए पोज देते नजर आ रहे हैं। इस पोस्ट के साथ निरहुआ ने लिखा, “आदरणीय बड़े भैया, हम सबके सबसे चहेते सुपरस्टार गोविंदा जी का आशीर्वाद और सानिध्य प्राप्त हुआ, हर हर महादेव।” इस कैप्शन ने फैंस के बीच उत्साह और जिज्ञासा दोनों बढ़ा दी है।
तस्वीर वायरल होते ही फैंस ने कमेंट सेक्शन में अपनी प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दिया। कई लोगों ने दोनों को एक साथ फिल्म में देखने की इच्छा जताई। एक यूजर ने लिखा, “दोनों राजा बाबू एक साथ,” तो वहीं दूसरे ने कहा, “अब भोजपुरी में फिल्म जरूर बनाइए।” कुछ यूजर्स ने इसे दो सुपरस्टार्स का यादगार मिलन बताया।

गौरतलब है कि भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकार पहले ही बॉलीवुड में अपनी पहचान बना चुके हैं। पवन सिंह, रवि किशन, मनोज तिवारी, शारदा सिन्हा, कल्पना पटवारी और मालिनी अवस्थी जैसे कलाकारों ने हिंदी सिनेमा और संगीत में अपनी अलग छाप छोड़ी है। ऐसे में अब अगर गोविंदा भोजपुरी सिनेमा में कदम रखते हैं, तो यह एक दिलचस्प बदलाव माना जाएगा।
गोविंदा की बात करें तो वह 90 के दशक के सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में गिने जाते हैं। उनकी कॉमिक टाइमिंग, डांस और स्क्रीन प्रेजेंस ने उन्हें दर्शकों का चहेता बना दिया। उन्होंने अपने करियर में 100 से अधिक फिल्मों में काम किया है और आज भी उनकी फिल्में दर्शकों के बीच पसंद की जाती हैं।
वहीं, दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ भोजपुरी सिनेमा के बड़े सितारे हैं। अभिनय के साथ-साथ वे एक सफल गायक और अब राजनेता भी हैं। उनकी फिल्मों को दर्शकों का भरपूर प्यार मिलता है और आम्रपाली दुबे के साथ उनकी जोड़ी विशेष रूप से लोकप्रिय है।
हालांकि, इस मुलाकात को लेकर अभी तक किसी फिल्म प्रोजेक्ट की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। यह स्पष्ट नहीं है कि यह केवल एक सामान्य मुलाकात थी या इसके पीछे किसी संभावित सहयोग की योजना है।
फिलहाल, इस एक तस्वीर ने दोनों इंडस्ट्री के फैंस के बीच उत्साह जरूर बढ़ा दिया है। अब देखना होगा कि क्या यह मुलाकात किसी बड़े प्रोजेक्ट में बदलती है या सिर्फ एक यादगार मुलाकात बनकर रह जाती है।
Correspondent – Shanwaz Khan


