संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया गया है। देश की सबसे कठिन और प्रतिष्ठित परीक्षाओं में गिनी जाने वाली इस परीक्षा में इस बार कुल 958 उम्मीदवारों का चयन विभिन्न सेवाओं के लिए हुआ है। इनमें भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS), भारतीय विदेश सेवा (IFS) समेत केंद्र सरकार की कई अन्य महत्वपूर्ण सेवाएं शामिल हैं। इस साल के परिणाम में जम्मू-कश्मीर के युवाओं ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
आयोग की ओर से जारी आधिकारिक सूची के अनुसार जम्मू-कश्मीर से कुल 16 उम्मीदवारों ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल की है। इनमें से 13 उम्मीदवार कश्मीर घाटी से जबकि 3 उम्मीदवार जम्मू क्षेत्र से हैं। इन युवाओं की उपलब्धि से पूरे राज्य में खुशी और गर्व का माहौल है। परिवारों के साथ-साथ स्थानीय लोगों और शिक्षकों ने भी इन सफल उम्मीदवारों की मेहनत और लगन की सराहना की है।
सुवन शर्मा बने जम्मू-कश्मीर के टॉपर
इस बार जम्मू-कश्मीर से सबसे बेहतर प्रदर्शन सुवन शर्मा ने किया है। उन्होंने ऑल इंडिया मेरिट लिस्ट में 148वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र में पहला स्थान प्राप्त किया है। इतनी प्रतिस्पर्धी परीक्षा में यह रैंक हासिल करना बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। उनकी सफलता से परिवार, मित्रों और पूरे इलाके में खुशी की लहर है। सुवन शर्मा की मेहनत और समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है।
तौसीफ अहमद गनई बने IAS अधिकारी
पुलवामा जिले के पुचल क्षेत्र के रहने वाले तौसीफ अहमद गनई ने भी इस परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 254 हासिल की है और भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के लिए चयनित हुए हैं। पुलवामा जैसे क्षेत्र से आई यह सफलता विशेष महत्व रखती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तौसीफ की उपलब्धि से इलाके के युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
रितिका रेणु भान और मुनीब पर्राह ने भी किया कमाल
इस परीक्षा में कश्मीर की पंडित बेटी रितिका रेणु भान ने भी सफलता हासिल कर सभी का ध्यान आकर्षित किया है। मूल रूप से शोपियां जिले की रहने वाली रितिका फिलहाल जम्मू में अपने परिवार के साथ रहती हैं। उन्होंने 456वीं रैंक हासिल की है। वहीं अनंतनाग जिले के बिजबेहरा इलाके के निवासी मुनीब अफजल पर्राह ने 581वीं रैंक प्राप्त कर सिविल सेवा परीक्षा पास की है। इन दोनों की सफलता को भी क्षेत्र में काफी सराहा जा रहा है।
डॉ. कोह-ए-सफा सहित कई अन्य उम्मीदवार भी सफल
इस परीक्षा में डॉ. कोह-ए-सफा ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 763वीं रैंक हासिल कर सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। वह प्रिंसिपल और सेशंस जज महमूद चौधरी की बेटी हैं। उनकी उपलब्धि से परिवार और परिचितों में गर्व का माहौल है।
इसके अलावा जम्मू-कश्मीर से सफल होने वाले अन्य उम्मीदवारों में सोयाश शिवम, गुलाम दीन, द्वारका गाधी, आकाश, यासार, अभिषेक, पंकज, मोहम्मद अजाज, अजहर, सरफराज और इरफान के नाम भी शामिल हैं।
इन उम्मीदवारों की रैंक इस प्रकार है
सुवन शर्मा (148), तौसीफ अहमद गनई (254), रितिका रेणु भान (456), सोयाश शिवम (572), मुनीब अफजल पर्राह (581), गुलाम दीन (683), द्वारका गाधी (721), आकाश (747), डॉ. कोह-ए-सफा (763), यासार (811), अभिषेक (820), पंकज (856), मोहम्मद अजाज (869), अजहर (886), सरफराज (936) और इरफान (957)।
जम्मू-कश्मीर के इन 16 युवाओं की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद मेहनत और लगन के दम पर बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है। इनकी सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
Jammu and Kashmir – Piyush Dhar Diwedi


